प​श्चिम बंगाल में बेटे ने की मां की हत्या: इलाज का खर्च उठाने में था असमर्थ, पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर खुद दी सूचना

कोलकाता|
इलाज का खर्च उठाने में था असमर्थ, पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर खुद दी सूचना
सेव सूची

कोलकाता में एक बेटे ने लंबे समय से बीमार अपनी 85 वर्षीय मां के इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ होने के कारण उनकी कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना शहर के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में हरिदेवपुर थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान उमरानी घोष के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान उनके 67 वर्षीय बेटे सागर घोष के रूप में हुई है। दोनों 113बी ए, हाफिज मोहम्मद इशाक रोड पर रहते थे।

अधिकारी ने बताया, आरोपी ने खुद आपात हेल्पलाइन नंबर 100 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम उनके घर पहुंची, बुजुर्ग महिला का शव बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। अधिकारी ने बताया, उसने दावा किया कि उसकी मां लंबे समय से बीमार थीं और वह उनके इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ था।

गला घोंटकर हत्या करने की आशंका

पुलिस को संदेह है कि बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या की गई। पुलिस ने बताया, मौत का सही कारण पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।