प​​श्चिम बंगाल के सिनेमाघरों में परोसा जाएगा शाकाहारी भोजन: ‘रामायण’ फिल्म के प्रदर्शन के दौरान लागू, सिनेमा हॉल के भीतर मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध

पश्चिम बंगाल|
सेव सूची

पश्चिम बंगाल में 30 स्थानों पर मल्टीप्लेक्स का संचालन करने वाली कंपनी एसवीएफ सिनेमाज ने कहा है कि ‘रामायण’ फिल्म के प्रदर्शन के दौरान सिनेमा हॉल के भीतर मांसाहारी भोजन नहीं परोसा जाएगा, ताकि दर्शक फिल्म का आनंद पूरी श्रद्धा के साथ ले सकें। कंपनी ने हालांकि स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था केवल ‘रामायण’ फिल्म के लिए लागू होगी और अन्य सभी फिल्मों के प्रदर्शन के दौरान भोजन पहले की तरह परोसा जाता रहेगा।

कंपनी ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "मांसाहारी व्यंजनों सहित हमारे भोजन और पेय पदार्थों का पूरा मेनू पहले की तरह सिनेमा हॉल के बाहर स्थित काउंटरों पर उपलब्ध रहेगा।" एसवीएफ सिनेमाज के एक प्रवक्ता ने कहा कि हिंदू महाकाव्य पर आधारित इस फिल्म के प्रति लोगों की श्रद्धा के सम्मान में यह फैसला लिया गया है।

कुछ फिल्में सिनेमा से बढ़कर होती हैं

कंपनी ने बयान में कहा, "कुछ फिल्में महज सिनेमा से बढ़कर होती हैं। जब ‘रामायण’ फिल्म के दौरान हनुमान चालीसा बजता है, तो सिनेमा हॉल का माहौल लगभग मंदिर जैसा हो जाता है और हम भी ऐसा ही महसूस करते हैं।" कंपनी ने बताया कि 2024 में एनिमेशन फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ के प्रदर्शन के दौरान कई दर्शकों ने श्रद्धा के प्रतीक के रूप में खुद ही अपने जूते-चप्पल सिनेमा हॉल के बाहर उतार दिए थे। इसी तरह, ‘हनुमान अंश’ फिल्म के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने भीतर केवल शाकाहारी भोजन परोसने का अनुरोध किया था।

श्रद्धा के साथ फिल्म का आनंद ले सकेगा दर्शक

कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया, "हमने उनकी बात सुनी। एक छोटे से भावपूर्ण प्रयास के तहत ‘रामायण’ फिल्म के प्रदर्शन के दौरान सिनेमा हॉल के भीतर केवल शाकाहारी भोजन परोसेंगे। इससे हर दर्शक फिल्म का आनंद पूरी श्रद्धा के साथ ले सकेगा।"

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।