मसूरी में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार: चार पर्यटकों की मौत, तीव्र ढलान पर बेकाबू हुआ वाहन

उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। झड़ीपानी रोड पर दिल्ली नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई। मृतक उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं। जो घूमने के लिए उत्तराखंड आए थे। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस को भी तत्काल रवाना किया गया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। लेकिन संयुक्त टीमों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
दुकान से सामान लेने के बाद हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार कार सवारों ने हादसे से कुछ देर पहले पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया था कि वे उत्तरकाशी से लौट रहे हैं। सामान लेने के बाद जैसे ही कार आगे बढ़ी, तीव्र ढलान पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन को रोकने की कोशिश की। लेकिन कार तेज गति से सड़क छोड़कर खाली प्लॉट पार करती हुई सीधे गहरी खाई में समा गई।
ब्रेक फेल होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस और तकनीकी टीम दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। रेस्क्यू टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद सभी बॉडी को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश, 19 वर्षीय मनीत, गाजियाबाद निवासी सविता और दिल्ली निवासी संगीता के रूप में हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। पुलिस ने सभी परिजनों को सूचना दे दी है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









