'1110 बजे प्लेन हाईजैक करेंगे': एअर इंडिया की फ्लाइट के टॉयलेट में मिला धमकी भरा नोट, मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

सेव सूची

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट (AI 772) में हाईजैक की धमकी मिलने की खबर सामने आई। विमान के टेक-ऑफ करने से ठीक पहले उसके शौचालय में एक धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक करने की चेतावनी दी गई थी।

कोलकाता एयरपोर्ट के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह हुई जब एअर इंडिया की एयरबस A320neo फ्लाइट मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। इस फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 10:20 बजे था। उड़ान से कुछ ही देर पहले क्रू मेंबर्स को विमान के वॉशरूम हाईजैक की धमकी वाला संदेश मिला। संदेश में लिखा था कि 11:10 बजे प्लेन को हाईजैक कर लिया जाएगा।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

धमकी की जानकारी मिलते ही पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया। सुरक्षा प्रोटोकॉल को तत्काल सक्रिय करते हुए सभी यात्रियों को नीचे उतारा। उस समय विमान में 93 यात्री और पांच क्रू मेंबर सवार थे। एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से नीचे उतार लिया गया।

आइसोलेशन बे में जांच

विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया है, जहां सीआईएसएफ (CISF) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां विमान की गहन तलाशी ले रही हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि यह धमकी किसने और किस मकसद से दी थी। गौरतलब है कि हाल के दिनों में भारतीय विमानों को इस तरह की धमकियां मिलने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।