जयकारों के साथ अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना: उपराज्यपाल ने हरी झंडी दिखाकर दी विदाई, 57 दिन चलेगी यात्रा
जम्मू से गुरुवार तड़के अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हो गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत कराई। इस बार केवल पूर्व पंजीकरण, RFID कार्ड और ई-केवाईसी पूरी करने वाले श्रद्धालुओं को ही पहले जत्थे में शामिल किया गया।
भगवती नगर यात्री निवास से सुबह चार बजे रवाना हुए श्रद्धालु 'बम-बम भोले' के जयकारों के बीच बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए निकले। 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा तीन जुलाई से पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से शुरू होकर 28 अगस्त, रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पहले जत्थे में सिर्फ उन्हीं श्रद्धालुओं को अनुमति दी गई, जिन्होंने पहले से पंजीकरण कराया था, RFID कार्ड बनवाया था और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की थी।
चारधाम में भी बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक करीब चार लाख श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा, चिकित्सा, परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली गई हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बेस कैंप पहुंचकर सुरक्षा, मेडिकल सुविधाओं, ठहरने की व्यवस्था, बिजली-पानी और हेल्प डेस्क सहित सभी इंतजामों का निरीक्षण किया। उधर, चारधाम यात्रा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। एक जुलाई तक बद्रीनाथ धाम में 14.5 लाख और केदारनाथ धाम में 13.75 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।











