असम में वायुसेना का AN-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त: पायलट समेत 5 जवानों की मौत, जांच के आदेश जारी

13 जून 2026
पायलट समेत 5 जवानों की मौत, जांच के आदेश जारी

असम के जोरहाट स्थित रौरिया भारतीय वायुसेना एयरबेस पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान वायुसेना का AN-32 सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें पायलट समेत पांच सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। जबकि सह-पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे एयरबेस में शोक की लहर दौड़ गई। भारतीय वायुसेना ने घटना की जांच के आदेश देते हुए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी गठित कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई जब AN-32 विमान नियमित उड़ान पूरी कर रौरिया एयरबेस पर उतरने की प्रक्रिया में था। लैंडिंग के दौरान अचानक विमान नियंत्रण खो बैठा और रनवे के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह दो हिस्सों में टूट गया। एयरबेस पर मौजूद आपातकालीन बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। लेकिन हादसा इतना भीषण था कि पांच जवानों की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम की मृत्यु हो गई। वहीं घायल सह-पायलट को तत्काल सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है।

अटकलों से बचने की अपील

भारतीय वायुसेना ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि दुर्घटनाग्रस्त विमान नियमित मिशन पर था। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। वायुसेना ने लोगों से अपील की है कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आने तक किसी भी प्रकार की अटकलों से बचें।

पुराने बेड़े को बदलने की तैयारी

इस बीच भारतीय वायुसेना अपने पुराने AN-32 और IL-76 मालवाहक विमानों को चरणबद्ध तरीके से बदलने की दिशा में काम कर रही है। नए मीडियम ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की खरीद की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है। AN-32 विमान पिछले चार दशकों से भारतीय वायुसेना की परिवहन क्षमता की रीढ़ रहे हैं। विशेष रूप से पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में संचालन के लिए जाने जाते हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।