अंकिता भंडारी केस: प्राथमिकी दर्ज न होन पर धरने पर बैठे माता-पिता, समर्थन देने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत

प्राथमिकी दर्ज न होन पर धरने पर बैठे माता-पिता, समर्थन देने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत
सेव सूची

अंकिता भंडारी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा पाए पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज न किए जाने के विरोध में बुधवार को देहरादून में उसके माता-पिता धरने पर बैठ गए। धरने को समर्थन देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और अन्य कांग्रेस नेता भी गांधी पार्क पहुंचे। अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने यहां राजपुर पुलिस थाने में विनोद आर्य के खिलाफ अपनी दिवंगत बेटी की निजी चैट सार्वजनिक करने, झूठा दावा कर उसकी मौत को आत्महत्या बताने और उसके चरित्र पर लांछन लगाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है।

हालांकि, 22 नवंबर की रात दी गयी शिकायत पर अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है जिसके विरोध में अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। अंकिता के पिता ने कहा कि शिकायत दिए उन्हें चार दिन हो गए हैं और प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि उन्हें बस देहरादून और हरिद्वार के बीच घुमाया जा रहा है। अंकिता के माता-पिता के साथ मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता योगिता भयाना ने कहा, हमारी मांग है कि व्हाटसएप चैट लीक मामले में तुरंत प्राथमिकी दर्ज हो। जब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होती, हम लोग पीछे नहीं हटेंगे। धरने की जानकारी मिलने पर हरीश रावत और अन्य कांग्रेस नेता भी वहां पहुंचे और अपना समर्थन दिया।

नेता नहीं ब​ल्कि पिता के तौर पर आए हैं

हरीश रावत ने कहा कि वह यहां एक नेता के तौर पर नहीं बल्कि एक पिता के तौर पर आए हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता के धरने पर बैठने का मतलब है कि उनकी न्याय पाने की आशा टूट गयी है। पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने अंकिता के चरित्र पर सवाल उठाने की कोशिश करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज करने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल ‘वीआईपी’ को ही नहीं बचा रही, बल्कि हत्या में शामिल लोगों को संरक्षण भी दे रही है।

सार्वजनिक किए गए थे अंकिता और पुरुष मित्र के चैट

विनोद आर्य ने 16 नवंबर को हरिद्वार में संवाददाता सम्मेलन में अंकिता और उसके कथित पुरुष मित्र के बीच हुई चैट के 4,000 से अधिक पन्ने सार्वजनिक किए थे। इस चैट का हवाला देते हुए अपने बेटे को बेकसूर बताया और मामले की सीबीआई जांच में इस चैट को शामिल करने की मांग की। विनोद आर्य ने यह भी दावा किया था कि अंकिता की हत्या नहीं हुई, बल्कि उसने आत्महत्या की थी और ऐसा उसने अपने माता-पिता तथा उस पुरुष मित्र के उत्पीड़न से तंग आकर किया था।

क्या था पूरा मामला?

ऋषिकेश के पास वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों -सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। तीनों को इस मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गयी है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।