पूर्वोत्तर में बारिश का कहर: असम में 300 मीटर लंबा पुल बहा, अरुणाचल में तीन की मौत

2 घंटे पहले
असम में 300 मीटर लंबा पुल बहा, अरुणाचल में तीन की मौत

पूर्वोत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने असम और अरुणाचल प्रदेश में व्यापक तबाही मचाई है। बाढ़, भूस्खलन और नदी के तेज बहाव से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। असम में 300 मीटर लंबा लोहे का पुल बाढ़ में बह गया। वहीं, रेलवे पुल क्षतिग्रस्त होने से रेल सेवाएं बाधित हो गईं। दूसरी ओर, अरुणाचल प्रदेश में अचानक आई बाढ़ से तीन लोगों की मौत हो गई है और दो अन्य अब भी लापता हैं।

असम के धेमाजी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और नदी किनारे तेज कटाव के कारण सिमेन नदी पर बना रेलवे पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते अर्चिपथर और सिमेन चापारी स्टेशनों के बीच रेल संचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, जिले और आसपास के क्षेत्रों में 110 मिमी से अधिक वर्षा होने के कारण बाढ़ और कटाव की स्थिति उत्पन्न हुई। इससे पुल का एक खंभा अस्थिर हो गया। यह पुल वर्ष 1965 में बनाया गया था। इसे बाद में ब्रॉडगेज लाइन में परिवर्तित किया गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी ट्रेन को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही किसी यात्री के घायल होने की सूचना है। तिनसुकिया मंडल के तहत मुरकोंगसेलेक और सिलापाथर के बीच ट्रेन सेवाएं अगली सूचना तक स्थगित रहेंगी। फिलहाल इस रूट की ट्रेनें सिलापाथर स्टेशन से ही संचालित की जाएंगी।

तेज बहाव में बह गया पुल

भारी बारिश के कारण धेमाजी जिले की केमी नदी उफान पर आ गई। इससे केमी और ओयान को जोड़ने वाला लगभग 300 मीटर लंबा लोहे का पुल तेज बहाव में बह गया। पुल के टूटने से केमी-पुराना जेलोम क्षेत्र और जोनाई सदर के बीच संपर्क पूरी तरह कट गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर के समय नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ा और देखते ही देखते पुल पानी में समा गया। बताया जा रहा है कि इस पुल का निर्माण करीब एक वर्ष पहले ही किया गया था। स्थानीय निवासियों ने पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही नदी की तेज धाराओं को देखते हुए कंक्रीट का स्थायी पुल बनाने की मांग की थी। लेकिन इसके बजाय लोहे का पुल तैयार किया गया, जो बाढ़ का दबाव नहीं झेल सका।

अरुणाचल में बाढ़ आने से दो लापता

अरुणाचल प्रदेश में भी लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और सड़क धंसने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे यातायात बाधित हो गया है। राज्य के केयी पान्योर जिले में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, एनईईपीको कॉलोनी और आसपास के गांव में आई बाढ़ में पांच लोग बह गए थे। इनमें दो बॉडी पहले ही बरामद की जा चुकी थी। वही, रविवार को एक और बॉडी मिली। दो अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।