असम में ट्रेन हादसा, 6 डिब्बे पटरी से उतरे: 50 यात्री घायल, लोको पायलट ने पहले ही दी थी ब्रेक फेल होने की चेतावनी, VIDEO आया सामने
असम में गुवाहाटी के पास डिगारू में बुधवार सुबह सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन के छह डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। इस हादसे में करीब 50 यात्री घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि किसी की मौत होने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है।
एक अधिकारी ने बताया कि मिजोरम के आइजोल के पास सायरंग से कोलकाता जा रही यह ट्रेन कामरूप (मेट्रोपोलिटन) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह छह बजकर 54 मिनट पर पटरी से उतर गई। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब 50 यात्रियों के घायल होने की खबर है। ट्रेन के पटरी से उतरने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान चलाने और रेल पटरियों से क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने के लिए एक राहत ट्रेन घटनास्थल पर भेजी गई है।
हादसे से पहले का वीडियो आया सामने
हादसे से पहले का एक वीडियो सामने आया है। इसमें लोको पायलट को सिग्नल रेड होने की बात कहते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में वह ट्रेन को रोकने की कोशिश और उसकी रफ्तार नियंत्रित नहीं होने की बात भी कह रहा है। लोको पायलट के मुताबिक, ट्रेन का ब्रेक सिस्टम काम नहीं कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन पटरी पर लगाए गए बैरिकेड्स से टकरा गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन से यात्रियों को बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया। शुरुआत में रेलवे की ओर से किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की गई थी। हालांकि, बाद में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई। फिलहाल हादसे में हुए नुकसान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
असम में भी हो चुके हैं ये रेल हादसे
29 अक्टूबर: सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की ट्रॉली पटरी से उतरी
असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड पर 29 अक्टूबर को सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की अगली ट्रॉली पटरी से उतर गई थी। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 8:50 बजे बदरपुर और सुकरितिपुर रेलवे स्टेशनों के बीच हुई थी। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी यात्री के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं मिली थी।
20 दिसंबर 2025: राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 7 हाथियों की मौत
असम के होजाई जिले में 20 दिसंबर 2025 को एक बड़ा रेल हादसा हुआ था। यहां हाथियों का एक झुंड सैरंग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया था। इस दर्दनाक घटना में सात हाथियों की मौत हो गई थी, जबकि एक हाथी का बच्चा घायल हो गया था। हाथियों से टकराने के बाद ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे भी पटरी से उतर गए थे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।