मुंबई में प्रिंस विलियम बने ऑटो ड्राइवर: पत्नी केट ने पीछे बैठकर लिया मजा, बोलीं- यहां आने का सबसे अच्छा तरीका
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी प्रिंसेस केट इन दिनों भारत दौरे पर हैं। मंगलवार को दौरे के दूसरे दिन दोनों मुंबई में एक अलग ही अंदाज में नजर आए। प्रिंस विलियम ने खुद इलेक्ट्रिक ऑटो चलाया, जबकि उनकी पत्नी केट पीछे बैठीं। दोनों इसी अनोखे अंदाज में अर्थशॉट प्राइज के कार्यक्रम में पहुंचे। ऑटो पर अर्थशॉट प्राइज का लोगो भी लगा हुआ था। इस दौरान केट ने मुस्कुराते हुए कहा कि यहां आने का यह सबसे अच्छा तरीका है।
मुंबई में प्रिंस विलियम और केट ने अर्थशॉट प्राइज 2026 के फाइनलिस्ट से मुलाकात की। दोनों आज ई-रिक्शा की सवारी भी करेंगे। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के मकसद से आयोजित इस कार्यक्रम में भारत की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और पर्यावरण के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
विजेताओं को मिलेंगे 11-11 करोड़ रुपये
अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत प्रिंस विलियम ने करीब छह साल पहले की थी। इसका उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी गंभीर समस्याओं के समाधान खोजने वाले लोगों, संस्थाओं और संगठनों को प्रोत्साहित करना है। हर साल पांच विजेताओं का चयन किया जाता है। प्रत्येक विजेता को 10 लाख पाउंड यानी करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।
मुंबई में मंगलवार को इस पुरस्कार का छठा समारोह आयोजित किया जाएगा। केंसिंग्टन पैलेस के मुताबिक, यह अब तक का सबसे बड़ा अर्थशॉट प्राइज समारोह होगा। इसके लिए भारत के 24 राज्यों के 15 हजार स्कूलों तक कार्यक्रम पहुंचाया गया है। समारोह से पहले प्रिंस विलियम पुरस्कार के फाइनलिस्ट से मुलाकात करेंगे। इस साल भारत की महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी भी फाइनलिस्ट में शामिल है। यह कंपनी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बनाती है।
पहली बार बच्चों को भी मिलेगा अर्थशॉट अवॉर्ड
इस बार अर्थशॉट प्राइज समारोह में एक नई पहल भी होने जा रही है। पहली बार बच्चों के लिए चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड आयोजित किया जाएगा। इसमें 9 से 17 साल तक के बच्चों के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विचारों और प्रयासों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके लिए बच्चों को अपने आसपास मौजूद पर्यावरण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान तैयार करने के लिए आमंत्रित किया गया था। इसका मकसद अगली पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के लिए नए विचार सामने लाने का अवसर देना है।
सचिन, आलिया और श्रेया घोषाल भी बनेंगे समारोह का हिस्सा
अर्थशॉट प्राइज की अवॉर्ड नाइट में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता रामी मालेक भी शामिल होंगे। फिल्म निर्माता करण जौहर कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे।
वहीं, गायिका श्रेया घोषाल ब्रिटिश बैंड टेक दैट के साथ प्रस्तुति देंगी। यह बैंड पहली बार भारत में परफॉर्म करेगा। इसके अलावा मुंबई की संगीतकार मर्लिन डी'सूजा के नेतृत्व में अर्थशॉट ऑर्केस्ट्रा भी अपनी प्रस्तुति देगा। भारत का पहला ऑल-फीमेल हिप-हॉप ग्रुप वाइल्ड वाइल्ड वुमन भी कार्यक्रम में परफॉर्म करेगा।
भारत से सबसे ज्यादा विजेता और फाइनलिस्ट
अर्थशॉट प्राइज के मुताबिक, अब तक भारत से सबसे ज्यादा विजेता और फाइनलिस्ट चुने गए हैं। यह पुरस्कार पांच प्रमुख क्षेत्रों में पर्यावरणीय समाधानों को प्रोत्साहित करता है। इनमें जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन, वायु प्रदूषण, समुद्रों का संरक्षण और प्रकृति एवं जैव विविधता की रक्षा शामिल हैं।
अर्थशॉट प्राइज के सीईओ जेसन नॉफ ने कहा कि मुंबई में होने वाला समारोह भारत के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों, नई तकनीक और संस्कृति को वैश्विक मंच पर सामने लाने का बड़ा अवसर है। इस बार समारोह में अब तक का सबसे बड़ा स्कूल कार्यक्रम और कई विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
18 नवंबर को दिल्ली में पीएम मोदी से मिलेंगे प्रिंस विलियम और केट
मुंबई का कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट 18 नवंबर को दिल्ली पहुंचेंगे। यहां दोनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही उनका भारत दौरा समाप्त हो जाएगा।
ब्रिटेन के कार्यवाहक हाई कमिश्नर के मुताबिक, यह यात्रा दोनों देशों के लोगों के बीच पुराने रिश्तों को और मजबूत करने का अवसर है। भारत और ब्रिटेन तकनीक, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ा रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।