महाराष्ट्र के भिवंडी में बड़ा हादसा: नाले में दम घुटने से दो मजदूरों की मौत, नगर निगम आयुक्त के बंगले के पास हुआ हादसा

भिवंडी शहर में गुरुवार को एक बंद नाले की सफाई के दौरान दम घुटने से दो निजी मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा भिवंडी निजामपुर नगर निगम आयुक्त के बंगले के पास हुआ, जिससे प्रशासन और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
भिवंडी निजामपुर नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख साकिब खरबे के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। नगर निगम आयुक्त के बंगले के नजदीक एक ड्रेनेज लाइन में रुकावट आ गई थी, जिसे साफ करने के लिए निजी ठेकेदार के माध्यम से मजदूरों की एक टीम को तैनात किया गया था। सफाई कार्य के दौरान दो मजदूर नाले के भीतर उतरे, लेकिन अंदर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनका दम घुटने लगा और वे बाहर नहीं निकल सके।
दमकल विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
जब काफी देर तक दोनों मजदूर नाले से बाहर नहीं आए, तो बाहर मौजूद अन्य सहकर्मियों ने शोर मचाया और तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों बेहोश मजदूरों को नाले से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, मृतक मजदूरों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है और उनके परिजनों को सूचित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नाले में उतारते समय मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए गए थे या नहीं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।