बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी में बड़ी कार्रवाई: निलंबित पीए गिरफ्तार, देहरादून से SIT ने दबोचा

बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में विशेष जांच दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति के निलंबित पर्सनल असिस्टेंट प्रमोद नौटियाल को अरेस्ट कर लिया है। उन्हें देहरादून स्थित नेहरू कॉलोनी स्थित आवास से हिरासत में लिया गया। इसके बाद टीम उन्हें चमोली लेकर पहुंची। जहां बद्रीनाथ थाने में उनसे और मंदिर समिति के चार अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच उपलब्ध साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के लिए SIT की टीम सादे कपड़ों में देहरादून पहुंची थी। पूछताछ के दौरान प्रमोद नौटियाल से CCTV फुटेज में दिखाई देने वाली गतिविधियों और चढ़ावा गणना कक्ष में उनकी भूमिका को लेकर कई सवाल किए जा रहे हैं। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि गणना कक्ष से किसी प्रकार की नकदी बाहर ले जाई गई थी या नहीं। पूछताछ के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या इस मामले में मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की कोई भूमिका है, तो उन्होंने सिर हिलाकर इनकार किया। जांच अधिकारी प्रमोद नौटियाल से यह भी जानना चाहते हैं कि CCTV में मोबाइल के नीचे दिखाई देने वाली वस्तु क्या थी, यदि वह नोटबुक थी तो उसका कोई रिकॉर्ड या अन्य प्रमाण क्यों प्रस्तुत नहीं किया गया। साथ ही 25 जून और दो जुलाई की फुटेज में एक जैसी गतिविधियां दिखाई देने, घटना के बाद मोबाइल बंद रखने, जांच एजेंसियों से संपर्क नहीं करने और अन्य संभावित लोगों की भूमिका को लेकर भी उनसे सवाल पूछे जा रहे हैं।
हाईकोर्ट में लंबित है मामला
इस मामले में 10 जुलाई को हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की एकल पीठ ने प्रमोद नौटियाल की याचिका पर सुनवाई की थी। अदालत ने बद्री-केदार मंदिर समिति से 16 जुलाई तक पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
परिजनों ने जताई थी अपहरण की आशंका
प्रमोद नौटियाल के परिजनों ने शुरुआत में दावा किया था कि कुछ लोग पूछताछ के नाम पर उन्हें अपने साथ ले गए और काफी देर तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। इस संबंध में नेहरू कॉलोनी बाईपास चौकी में शिकायत भी दी गई थी। परिवार ने अपहरण की आशंका जताई थी। बाद में चमोली पुलिस ने पुष्टि की कि प्रमोद नौटियाल SIT की हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच जारी है। संबंधित दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









