झारखंड में विधानसभा परिसर तक पहुंचा छात्रों का आंदोलन: बैरिकेडिंग तोड़कर घुसे प्रदर्शनकारी, JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते गिरफ्तार
झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। हजारों प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा परिसर में प्रवेश कर लिया। छात्र परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को दो से तीन बार लाठीचार्ज करना पड़ा। कुछ छात्रों के सिर में चोटें भी आईं। जवाब में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर पानी की बोतलें और चप्पलें फेंकीं।
हजारों छात्र सुबह करीब 10 बजे ओल्ड विधानसभा के पास जुटे थे। इसके बाद वे विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग के साथ छह लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की थी। पूरे इलाके की CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही थी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। लेकिन छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी वहां डांस करते नजर आए। वहीं, कुछ छात्रों ने राष्ट्रगान भी गाया। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।
17 दिन से जारी है छात्रों का आंदोलन
जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं को लेकर छात्र पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई और परीक्षा रद करने की मांग कर रहे हैं। देवेंद्रनाथ महतो समेत छह छात्र भूख हड़ताल पर हैं। स्वास्थ्य संबंधी स्थिति के बावजूद ये छात्र एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में शामिल होने पहुंचे।
जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते गिरफ्तार
इधर, मामले में सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते को गिरफ्तार कर लिया है। 21 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय में हुई छापेमारी के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से सीआईडी उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी। अब जांच के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
सड़क पर धरने पर बैठ गए भाजपा विधायक
छात्रों के विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला प्रशासन ने नव-निर्मित विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू कर दी है। छात्रों के समर्थन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत पार्टी के सभी विधायक मुख्यमंत्री आवास जाने वाली सड़क पर धरने पर बैठ गए। भाजपा नेता छात्रों की जेपीएससी नियुक्ति मामले की सीबीआई जांच की मांग का समर्थन कर रहे हैं।
भूख हड़ताल कर रहे छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण
भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भूख हड़ताल कर रहे प्रदर्शनकारी देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि उनके लिए यह संघर्ष का निर्णायक दिन है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से अनशन कर रहे छात्रों के लिए सोमवार बदलाव और संघर्ष का दिन है। इस बीच जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन कर रहे जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए डॉक्टरों की टीम भी पहुंची।
छात्रों ने कहा- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
विधानसभा घेराव के लिए जुटे छात्रों का कहना है कि वे विधानसभा की ओर बढ़ रहे हैं और सरकार जब तक उनकी मांगें नहीं मानती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अलग-अलग क्षेत्रों से यहां पहुंचे हैं और सरकार की तैयारियों से डरने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा। छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए राज्य विधानसभा परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रांची में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।











