भाजपा का राहुल गांधी पर हमला: देश के प्रति नफरत से भरे व्य​क्ति को जनता नहीं करेगी स्वीकार, पंजाब को नशामुक्त बनाने का लिया संकल्प

देश के प्रति नफरत से भरे व्य​क्ति को जनता नहीं करेगी स्वीकार, पंजाब को नशामुक्त बनाने का लिया संकल्प
सेव सूची

भारतीय जनता पार्टी ने विदेश यात्राओं के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था और चुनाव प्रणाली के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि वह विदेशी धरती से अपने राजनीतिक करियर को फिर से शुरू करने की चाहे जितनी कोशिश कर लें, लेकिन देश की जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी।

गुरु नानक देव की जयंती ‘प्रकाश पर्व’ पर भाजपा के कई नेताओं ने गुरुद्वारों में मत्था टेका और सेवा की। उन्होंने देश, विशेषकर पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प भी लिया और नशे की समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं करने का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा।

नेताओं के साथ टेका मत्था

नेताओं के साथ मत्था टेकने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि इस पावन अवसर पर पंजाब और पूरे देश को नशामुक्त बनाने का भी संकल्प लिया जाना चाहिए। लोवी इंस्टीट्यूट के ‘एशिया पावर इंडेक्स’ में बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एशिया की प्रमुख शक्तियों में से एक बनकर उभरा है। गोल्डमैन सैक्स और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भी भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताया है।

विदेशी धरती से राजनीतिक करियर की शुरूआत

राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए भंडारी ने कहा, वह विदेशी धरती से अपने राजनीतिक करियर को फिर से शुरू करने की चाहे जितनी कोशिश कर लें, लेकिन जिस व्यक्ति की रग-रग में देश के प्रति नफरत भरी हो, उसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। लोवी इंस्टीट्यूट के सूचकांक के अनुसार, भारत के अंक में 0.5 की वृद्धि हुई है और यह बढ़कर 40.5 हो गया है। भारत और चीन के अंकों के बीच का अंतर 2018 के बाद से सबसे कम हो गया है। चीन का अंक 73.6 है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने एशिया के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश और एक ‘‘प्रमुख ताकत’’ के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता आंका गया है। जानकारी के अनुसार, अमेरिका और चीन वर्ष 2026 में ‘‘एशिया की दो महाशक्तियां’’ हैं। अमेरिका ने सर्वाधिक 78.9 अंक हासिल किए हैं।

कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारत की अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी

राहुल गांधी ने अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में अपने संबोधन के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर की गई टिप्पणियों से राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया था। राहुल गांधी ने कहा था कि व्यापक बेरोजगारी, चरमराते विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली में गहरी समस्याओं के कारण भारत आर्थिक आपदा की कगार पर खड़ा है। उन्होंने आगाह किया था कि यदि देश मौजूदा आर्थिक राह पर आगे बढ़ता रहा, तो वह गंभीर संकट में फंस सकता है।

सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ की आलोचना की

पिछले सप्ताह कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान गांधी ने कहा था कि भारत के आर्थिक मॉडल ने लगभग एक दशक पहले ही परिणाम देना बंद कर दिया था। उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया था कि ये देश की चरमरा चुकी आर्थिक बुनियाद को फिर से मजबूत करने में विफल रही हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।