अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट: धमाके के बाद फैक्ट्री में लगी आग, छह मजदूर झुलसे

1 घंटा पहले
धमाके के बाद फैक्ट्री में लगी आग, छह मजदूर झुलसे

गुजरात के खेड़ा जिले के कपडवंज क्षेत्र में शनिवार सुबह एक अवैध रूप से संचालित बताए जा रहे पटाखा कारखाने में भीषण विस्फोट हो गया। सुबह करीब 9:30 बजे हुए धमाके में छह मजदूर घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और दूर तक धुएं के घने गुबार दिखाई दिए। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के गांवों तक इसकी आवाज सुनाई दी। लोगों ने धरती कांपने जैसा कंपन महसूस किया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को प्राथमिक इलाज के बाद नाडियाड और अहमदाबाद के अस्पतालों में रेफर किया गया है।

तेज धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण घबराकर घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। स्थानीय विधायक भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग पर काबू पाने और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल ने तत्काल कार्रवाई की।

बिना अनुमति संचालन की आशंका

प्रशासनिक अधिकारियों को आशंका है कि पटाखा फैक्ट्री बिना आवश्यक अनुमति के संचालित की जा रही थी। प्रांतीय अधिकारी अनिल झाला ने बताया कि घटना के समय कारखाने में पांच से छह मजदूर काम कर रहे थे। इनमें दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह इकाई कब से संचालित हो रही थी और इसकी वैधानिक स्थिति क्या थी? पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने उठाए प्रशासन पर सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि यदि फैक्ट्री अवैध थी तो प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं थी? लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि कारखाने के लिए अलग ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था, तो उसकी अनुमति किस आधार पर दी गई? वहीं, घटना के काफी देर बाद तक फैक्ट्री मालिक के मौके पर नहीं पहुंचने से भी लोगों में आक्रोश रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री का मालिक अहमदाबाद का निवासी है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।