छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल को बम से उड़ाने की धमकी: सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप, चप्पे-चप्पे पर हुई तलाशी
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने रेलवे स्टेशन की सघन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर यह धमकी अफवाह साबित हुई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजकर 40 मिनट पर वाडी बंदर स्थित राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली, जिसमें रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने का दावा किया गया था।
तलाशी में कुछ नहीं मिला
मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी, मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों ने टर्मिनल पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के श्वान दस्ते को भी लगाया गया और दस्ते ने उपनगरीय व लंबी दूरी की ट्रेनों के प्लेटफॉर्म, पैदल पार पुलों और पार्सल क्षेत्र सहित पूरे परिसर की जांच की।
उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर या किसी भी ट्रेन के भीतर कोई संदिग्ध व्यक्ति, विस्फोटक सामग्री या लावारिस वस्तु नहीं मिली। अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और टर्मिनल सहित रेलवे नेटवर्क के अन्य स्टेशनों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।