आंध्र प्रदेश के बीएसएफ जवान की मौत: मुख्यमंत्री नायडू ने जताया शोक, भारत-बांग्लादेश सीमा पर ड्यूटी के दौरान नदी में डूबने से हुई थी मौत

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को सीमा सुरक्षा बल के कॉन्स्टेबल के. वेणु की मौत पर दुख जताया। वेणु असम में भारत-बांग्लादेश सीमा पर ड्यूटी के दौरान एक नदी में डूब गए थे। मुख्यमंत्री ने कम उम्र में वेणु की मौत को बेहद दुखद बताते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, आंध्र प्रदेश के रहने वाले बीएसएफ कांस्टेबल कदिमी वेणु की असम में भारत-बांग्लादेश सीमा पर ड्यूटी के दौरान नदी में डूबने से मौत होना बेहद दुखद है। मैं उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। वेणु पूर्वी गोदावरी जिले के गोखावरम मंडल के कोठापल्ली गांव के रहने वाले थे। वह असम के कछार जिले के काटीगोरा इलाके में हरिनगर सीमा चौकी पर बीएसएफ की 75वीं बटालियन में तैनात थे।
25 किलोमीटर नीचे कुशियारा नदी से बरामद हुआ शव
वह 23 नवंबर को बराक नदी में बांग्लादेश से मवेशियों की तस्करी करने वालों को पकड़ने के अभियान में शामिल होने के दौरान लापता हो गए थे। तीन दिन तक तलाशी अभियान चलाने के बाद बीएसएफ अधिकारियों ने शुक्रवार को उनके परिवार को सूचना दी कि उनका शव करीब 25 किलोमीटर नीचे श्रीभूमि जिले में कुशियारा नदी से बरामद किया गया है।
वेणु की शादी दो साल पहले हुई थी। उनके परिवार में पत्नी सुगुना और पांच महीने की बेटी अन्विता हैं। बीएसएफ अधिकारी पोस्टमार्टम और अन्य आधिकारिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।