छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने भगवान की प्रतिमा ​का किया अनावरण: बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके बलिदान को किया याद, जनजातीय वी​थिका का भी किया अवलोकन

बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके बलिदान को किया याद, जनजातीय वी​थिका का भी किया अवलोकन
सेव सूची

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। अधिकारियों ने बताया कि साय ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके संघर्ष एवं बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका का भी अवलोकन किया। साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित किया और ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया।

बिरसा मुंडा का संघर्ष देश के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है

उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष देश के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा हमें जनजातीय नायकों के साहस, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाती रहेगी। साय ने कहा कि जनजातीय समाज का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है इसलिए आने वाली पीढ़ियों को इस गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।