कर्नाटक की फैक्ट्री में केमिकल रिसाव: तीन मजदूरों की मौत, विभिन्न राज्यों के थे मृतक
कर्नाटक के यादगीर जिले के कदेचुर-बडियाल इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में केमिकल रिसाव होने से बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान तेलंगाना के महबूबनगर जिले के कटला गणेश तथा मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विक्रम सिंह गोंडा और संजय सिंह गोंडा के रूप में हुई है। वहीं घायल दोनों मजदूर आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के निवासी हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कारणों की जा रही जांच
घटना के बाद फैक्ट्री में उत्पादन कार्य तत्काल रोक दिया गया। पुलिस ने मामले में सैदापुर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि केमिकल रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











