कांग्रेस ने परिसीमन को लेकर प्रधानमंत्री पर साधा निशाना: कहा-घबराहट और बौखलाहट में उठाया जा रहा कदम, लोगों की आवाज दबाने की को​शिश कर रही है सरकार

कहा-घबराहट और बौखलाहट में उठाया जा रहा कदम, लोगों की आवाज दबाने की को​शिश कर रही है सरकार
सेव सूची

कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी परिसीमन को लेकर हताशा में कदम उठा रहे हैं और संसद की विशेष बैठक बुलाने के पीछे सरकार का असली मकसद महिला आरक्षण लागू करना नहीं, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है। संसद के मानसून सत्र के लिए लोकसभा की विशेष बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से बुलाई गई है। माना जा रहा है कि सरकार इसमें महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने का प्रयास करेगी।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह दावा भी किया कि सरकार परिसीमन के जरिये लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। यह चारों तरफ से घिरे, घबराए और बौखलाए प्रधानमंत्री द्वारा हताशा में उठाया गया कदम है। लेकिन इसका पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला किया जाएगा। रमेश का कहना है कि महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर, 2023 में संसद में सर्वसम्मति से पारित हुआ था और कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे तत्काल लागू करने की मांग की थी।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष की मांग को ठुकरा दिया गया और 16 अप्रैल 2026 की रात 10 बजकर 40 मिनट तक इस कानून की अधिसूचना जारी नहीं की गई थी, जिसे बाद में अचानक जारी किया गया। इसलिए यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं है। महिला आरक्षण तो पहले से ही कानून बन चुका है, लेकिन पीएम-एचएम की जोड़ी ने इसे तीन साल से ज्यादा समय से ठंडे बस्ते में डाल रखा है।

मजाक बनकर रह गई है मतदाता सूचि

आरोप लगाया कि विशेष सत्र का असली मकसद निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है, ताकि लोगों की आवाज दबाई जा सके। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जा सकती है? उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में मतदाता सूचियां तैयार करने की प्रक्रिया मजाक बनकर रह गई है और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। इतने बड़े पैमाने पर वोट चोरी को अंजाम देने वालों को ही अब परिसीमन करने और निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदलने की ताकत कैसे दी जा सकती है? इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है! उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल परिसीमन के नाम पर सरकार की "मनमानी" का पूरी ताकत से विरोध करेंगे।

कहा-घबराहट और बौखलाहट में उठाया जा रहा कदम, लोगों की आवाज दबाने की को​शिश कर रही है सरकार

माकपा के सांसद ने भाजपा पर लगाया आरोप

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सांसद जॉन ब्रिटास ने गुरुवार को सरकार पर परिसीमन के लिए बहुमत जुटाने को लेकर राजनीतिक हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया। ब्रिटास ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की आड़ में देश के चुनावी भविष्य को नए सिरे से तय करने की कोशिश की जा रही है। चेतावनी दी कि सरकार द्वारा बुलाया गया संसद का विशेष सत्र भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का ‘सबसे दुखद अध्याय’ साबित हो सकता है। महिला सशक्तीकरण को कभी भी चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर का बहाना नहीं बनाया जाना चाहिए। परिसीमन के नाम पर जो कुछ किया जा रहा है, वह बहुमत जुटाने के लिए विलय, एकीकरण, अधिग्रहण और खरीद-फरोख्त की रणनीति है। यह संविधान पर सीधे हमले से कम नहीं है। सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि संविधान अपनाए जाने के 77 साल बाद संविधान दिवस के दिन ही यह सब हो रहा है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।