जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर आतंकी हमला: बाइक सवार हमलावरों ने की फायरिंग, तीन जवान घायल
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को निशाना बनाया। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने नाके पर ड्यूटी कर रहे जवानों पर अचानक गोलीबारी कर दी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हमला बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ। बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने कुलगाम के अखरान कैंप के पास नाका ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों पर गोलियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
हमले के बाद इलाके की घेराबंदी, तलाशी अभियान शुरू
गोलीबारी की सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों की क्विक रिएक्शन टीम मौके पर पहुंच गई। जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही हैं।
सीआरपीएफ के अनुसार, नाके पर तैनात जवानों को अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने निशाना बनाया था। घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल भेजा गया है।
पहले कैंप को निशाना बनाने की आई थी सूचना
शुरुआती जानकारी में कुलगाम स्थित सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन के कैंप को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, बाद में सीआरपीएफ ने स्पष्ट किया कि हमलावरों ने कैंप के बजाय नाके पर तैनात जवानों पर फायरिंग की थी। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल थे और इसका मकसद क्या था।
दक्षिण कश्मीर का संवेदनशील इलाका है कुलगाम
कुलगाम दक्षिण कश्मीर के संवेदनशील जिलों में शामिल है। यह श्रीनगर से करीब 70 से 75 किलोमीटर दूर स्थित है। कुलगाम के अलावा अनंतनाग और शोपियां के आसपास के इलाकों में भी पहले आतंकी गतिविधियां सामने आती रही हैं। ऐसे में सीआरपीएफ जवानों पर हुए इस हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
4 दिन पहले आतंकियों के 2 मददगार हुए थे गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चार दिन पहले श्रीनगर से आतंकियों की मदद करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ये लोग आतंकी मॉड्यूल के जरिए महिलाओं को निशाना बनाते थे और अलगाववादी विचारधारा और प्रचार को बढ़ावा दिया जा रहा था।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।