ओडिशा में फिर चक्रवात का खतरा: सरकार ने लोगों को इलाकों से निकालने का दिया निर्देश, बारिश से पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की अपील

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र और तीव्र होने के बीच ओडिशा सरकार ने सोमवार को दक्षिणी क्षेत्र के जिला प्रशासनों को संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालने का काम जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस मौसम प्रणाली के 19 नवंबर की रात आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने से पहले अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन को भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों और निचले इलाकों की पहचान कर लोगों को भारी बारिश से पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया है।
गंजाम के जिलाधिकारी कीर्ति वासन वी ने कहा कि जिले में पहाड़ी और निचले इलाकों की पहचान कर ली गई है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कर्मचारी और मशीनें तैयार हैं। उन्होंने कहा कि गंजाम तीन सप्ताह में ‘अर्नब’ एवं ‘मुरासु’ नाम के दो चक्रवातों का सामना कर चुका है और अब तीसरी मौसम प्रणाली का खतरा है। इस बार प्रशासन का मुख्य ध्यान भूस्खलन के कारण होने वाली जनहानि को रोकने पर है।
भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने का अनुमान
‘अर्नब’ चक्रवात के दौरान ओडिशा में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई थी और छह अन्य लापता हो गए थे। इनमें से 10 लोगों की जान गंजाम और कंधमाल जिलों में भूस्खलन के कारण गई थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र सोमवार सुबह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा। इसके 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर की शाम तक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने का अनुमान है।
मछुआरों को समुंद्र में नहीं जाने की सलाह
इसके प्रभाव से ओडिशा में 17 नवंबर की शाम से बारिश शुरू होने की संभावना है। राज्य में 18 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 19 से 21 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने 18 से 20 नवंबर की सुबह तक ओडिशा तट पर तेज हवाएं चलने और समुद्र में स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की चेतावनी दी है। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।