फाफर के डोसे और बिच्छू घास की खिचड़ी: देहरादून में दिखी हिमालय की स्वादिष्ट विरासत, पहाड़ी घी में बना सत्तू का हलवा का जलवा

पहाड़ी स्वाद में डूबे फाफर (कुट्टू) के डोसे, लाल चावल और बिच्छू घास से बनी गरमा-गरम खिचड़ी का जलवा दिखा। साथ ही पहाड़ी घी में बना सत्तू का हलवा और सुदूर स्पीति घाटी के पारंपरिक व्यंजन का एक ही स्थान पर लोग आनन्द ले रहे हैं। दो दिवसीय 'हिमालयन फूड एंड सीड फेस्टिवल' में हिमालयी खान-पान की समृद्ध विरासत और विविधता देखने को मिली। महोत्सव में पहुंचे लोगों ने पहाड़ी रसोई के पारंपरिक स्वाद का भरपूर अनुभव लिया।
देहरादून में लगा हिमालयी स्वाद का मेला
देहरादून के मियावाला स्थित 'ठौर - द दून हाट'में 14-15 नवंबर को फूड फेिस्टवल का आयोजन किया गया। उत्तराखंड की नीति घाटी, हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी और सिक्किम की जोंगू घाटी इसमें प्रतिभागी हैं। करीब 200 किसान, छात्र और उपभोक्ता उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के किसान, पारंपरिक बीज संरक्षक और भोजन प्रेमी इस महोत्सव में एक साथ जुटे। कार्यक्रम में हिमालय के इन तीन क्षेत्रों की समृद्ध खान-पान परंपराओं और कृषि विविधता को प्रदर्शित किया गया।
1000 से अधिक किस्मों के देसी बीजों की प्रदर्शनी
बिना छिलके वाले जौ, कुट्टू और लाल चावल से लेकर मंडुआ, रामदाना और पारंपरिक दालों तक, महोत्सव में उन फसलों की विविधता देखने को मिली, जिनका सेवन पहाड़ों में पीढ़ियों से होता रहा है। यहां अनाज, दालों और सब्जियों के बीजों की एक हजार से अधिक किस्में प्रदर्शित की गईं। किसानों ने आपस में देसी बीजों का आदान-प्रदान किया। और उनके संरक्षण से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। महोत्सव की अवधारणा तैयार करने वाली और 'ठौर' की संचालिका बिनीता शाह ने कहा कि उनका उद्देश्य विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों, खासकर उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्रों के दूर-दराज इलाकों से जुड़े पारंपरिक खाद्य पदार्थों और उनकी विधियों को संरक्षित करना है। गैर सरकारी संगठन 'इंटीग्रेटेड माउंटेन इनिशिएटिव' (IMI) ने 'नेशनल मिशन ऑन हिमालयन स्टडीज' के कृषि पारिस्थितिकी कार्यक्रम के तहत इस महोत्सव का आयोजन किया। इसका उद्देश्य लोगों को पारंपरिक पहाड़ी भोजन से फिर जोड़ना और स्थानीय उत्पादों के लिए बेहतर बाजार तैयार करना था।
किसानों ने खुद बनाकर बताए पारंपरिक व्यंजन
महोत्सव के दूसरे और अंतिम दिन तीनों घाटियों के किसानों ने रसोइयों की भूमिका निभाई। और लोगों को स्थानीय स्तर पर उगाई गई सामग्री से पारंपरिक व्यंजन तैयार करने का तरीका बताया। सिक्किम के लाल चावल और बिच्छू घास की खिचड़ी, कुट्टू के आटे से बना पारंपरिक व्यंजन देखने को मिला। 'खुरी'उत्तराखंड (नीति घाटी) के पहाड़ी अंदाज में कुट्टू का डोसा, कुट्टू के लड्डू और पहाड़ी घी से बना सत्तू का हलवा का भी जलवा था।
स्पीति के व्यंजन 'चिरुल' और 'घुत्तू' ने खास ध्यान खींचा
आगंतुकों ने इन व्यंजनों का स्वाद चखने के साथ ही उनमें इस्तेमाल होने वाली स्थानीय उपज और उनसे जुड़ी खाद्य परंपराओं के बारे में भी जानकारी ली। महोत्सव में हिमालयी चाय, सत्तू, सी बकथॉर्न से बने उत्पादों, सेब, स्थानीय सब्जियों, मसालों, अचार, पापड़ और वन उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए थे। भेड़ की ऊन से बने कपड़ों और पारंपरिक हस्तशिल्प ने भी आयोजन की रौनक बढ़ाई।
पोषण और व्यावसायिकता पर जोर
यह महोत्सव केवल पारंपरिक व्यंजनों को सामने लाने तक सीमित नहीं था। बल्कि इसमें पारंपरिक फसलों के पोषण मूल्य और उन्हें व्यावसायिक रूप से लाभदायक बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। पोषण विशेषज्ञ डॉ. पुष्पिका वज्जन ने जौ, रामदाना, मंडुआ, झंगोरा और भंगजीर के फायदों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इन पारंपरिक खाद्य पदार्थों को रोजमर्रा के आहार में शामिल करने से बेहतर पोषण मिल सकता है और किसानों की उपज की मांग भी बढ़ सकती है। देहरादून स्थित स्वामी राम विश्वविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. स्मिता डिमरी ने युवाओं के बीच पैकेटबंद और तुरंत तैयार होने वाले भोजन की बढ़ती लोकप्रियता का जिक्र किया। उन्होंने उनसे खाद्य पदार्थों का चयन करते समय उनके पोषण मूल्य पर अधिक ध्यान देने की अपील की।
'THAIM' ब्रांड की शुरुआत बनी प्रमुख आकर्षण
महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण 'THAIM' (ट्रांस-हिमालयन माउंटेन एग्रो-इकोलॉजी) ब्रांड की शुरुआत भी रही। इसका उद्देश्य पारंपरिक हिमालयी खाद्य उत्पादों को अलग पहचान देना है। और उन्हें व्यापक उपभोक्ता बाजारों से जोड़ना है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव एन.एस. नपलच्याल ने कहा कि हिमालयी खाद्य विविधता को बढ़ावा देने से पोषण, जन स्वास्थ्य और पहाड़ी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने हिमालयी राज्यों की खाद्य परंपराओं और उनमें मौजूद पोषक तत्वों को एक पुस्तक में संकलित करने का सुझाव भी दिया। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. ए.एन. पुरोहित ने पारंपरिक फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए समूह आधारित खेती और छोटे-बिखरे खेतों को एक साथ लाने यानी चकबंदी की जरूरत बताई।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।