तमिलनाडु में दो बसों की भीषण टक्कर: हादसे में पांच यात्रियों की मौत, 40 से अधिक लोग घायल
तमिलनाडु के मदुरै जिले में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं, 42 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब चेन्नई से मार्थांडम जा रही एक प्राइवेट बस कोट्टामपट्टी के वंदिनगर के पास फोरलेन हाईवे पर अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रही तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम (सरकारी) की बस से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्राइवेट बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि मदुरै से तिरुचिरापल्ली जा रही सरकारी बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। दोनों बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे में चार पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सभी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।











