24 घंटे बंद रहा मणिपुर: चार नागा नागरिकों की मौत का विराेध, सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे

चार नागा नागरिकों की मौत का विराेध, सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे
सेव सूची

चार नागा नागरिकों की हत्या के विरोध में सोमवार को मणिपुर पूरी तरह से बंद रहा। लगातार 24 घंटे की बंदी के चलते आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। रोजमर्रा की जरुरतों व खाद्य सामग्री जुटाने में लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, 'नेटिव पीपुल्स कमेटी मणिपुर' की ओर से बुलाया गया यह बंद देर रात शुरु हुआ। इसका असर घाटी के सभी पांच जिलों और उखरुल जिले के नागा बहुल इलाकों में देखने को मिला।

बंद का असर

बंदी के दौरान पूरा बाजार ठप हो गया। शैक्षणिक संस्थान पर ताले नजर आए। प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन सेवाएं ठप रहीं। इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग में प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए और हत्याओं के विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया। हालांकि, बंद के बीच अतिआवश्यक काम से निकले लोगों के चुनिंदा वाहन जरुर नजर आए।

प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव

प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों ने पत्थरबाजी शुरु कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे। इससे पहले बीते सप्ताह उखरुल जिले के न्यू हेवन में संदिग्ध उग्रवादियों ने दो वाहनों पर गोलीबारी की थी। इस हमले में दो महिलाओं समेत तांगखुल नागा समुदाय के चार नागरिकों की मौत हो गई थी।

इस साल हिंसा में 50 से अधिक जानें गईं

अधिकारियों के अनुसार, इस साल उखरुल, तमेंगलॉन्ग, कामजोंग, कांगपोकपी, नोनी और सेनापति जिलों में नागा और कुकी समुदायों के बीच हुई झड़पों में 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कई इलाकों में मकान जला दिए गए हैं। इस हिंसा से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।