मध्य प्रदेश में खड़े ट्रक से टकराई कार: सरपंच समेत चार की मौत, सीपीआर से बची युवती की जान

09 जुलाई 2026
सरपंच समेत चार की मौत, सीपीआर से बची युवती की जान

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घायल युवती की अस्पताल में सीपीआर देकर जान बचाई गई। इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र की सिविल लाइन चौकी के पास भरौला के समीप हुआ। कार में सवार सभी लोग अनूपपुर जिले के लीला गांव के निवासी थे और खुशबू मार्को की परीक्षा दिलाने के लिए चित्रकूट जा रहे थे। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने बताया कि हादसे में लीला गांव के सरपंच कुलपत सिंह, उनकी पत्नी एवं हेड कॉन्स्टेबल सविता सिंह मार्को, तीन वर्षीय पुत्र रुद्र प्रताप और भाई की बेटी प्रियंका सिंह की मौत हो गई। वहीं प्रियंका की बहन खुशबू मार्को गंभीर रूप से घायल हो गई। चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने पर उसकी सांसें थम चुकी थीं। लेकिन सीपीआर देने के बाद उसकी सांसें लौट आईं।

कार में फंसे लोगों को निकालने में लगी मशक्कत

हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक व्यक्ति वाहन के भीतर फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान एक अन्य घायल ने भी दम तोड़ दिया।

चालक को नहीं याद हादसे की जानकारी

पुलिस ने कार चालक ददन सिंह से हादसे के संबंध में पूछताछ की, लेकिन उसने बताया कि उसे घटना की कोई जानकारी याद नहीं है। उसकी शर्ट पर खून के निशान मिले हैं। पूछताछ के दौरान वह बार-बार यह पूछता रहा कि आखिर क्या हुआ? वह अस्पताल कैसे पहुंचा? पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।