जयपुर में बेकाबू ट्रॉले ने परिवार को कुचला: तीन मासूम समेत चार की मौत, पुलिस ने सीज किया वाहन

2 घंटे पहले
तीन मासूम समेत चार की मौत, पुलिस ने सीज किया वाहन

जयपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। श्याम नगर थाना क्षेत्र में 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक परिवार पर चढ़ गया। हादसे में तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने ट्रॉला जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हादसा मंगलवार सुबह अजमेर रोड स्थित होटल हाईवे किंग के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दिल्ली की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रॉला अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन ने पहले सड़क किनारे लगी लोहे की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ा और फिर वहां खड़े एक ही परिवार के पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

पिता ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में रमेश, रतन और दीपक नाम के तीन बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल उनके पिता चंद्र प्रकाश को अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। बच्चों की मां कैलाशी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

रोजी-रोटी की तलाश में निकला था परिवार

पुलिस के अनुसार, परिवार मूल रूप से जेतपुरा का रहने वाला था और वर्तमान में गांधी पथ क्षेत्र में रह रहा था। परिवार मजदूरी करने के साथ-साथ चौराहों पर खिलौने, गुब्बारे, झाड़ू और अन्य छोटे सामान बेचकर गुजर-बसर करता था। मंगलवार सुबह भी परिवार रोजी-रोटी की तलाश में पैदल अजमेर रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रॉला उन्हें कुचलते हुए निकल गया। जानकारी के मुताबिक कैलाशी के कुल पांच बच्चे हैं। इनमें से तीन की इस हादसे में मौत हो गई। वहीं, दो अन्य बच्चे उस समय घर पर होने के कारण सुरक्षित बच गए।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की तलाश

जानकारी के मुताबिक ट्रॉला लहराते हुए सड़क किनारे पहुंचा और सुरक्षा रेलिंग तोड़ते हुए सीधे परिवार से टकरा गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। श्याम नगर थाने के एसआई रामेश ने बताया कि ट्रॉले को कब्जे में ले लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।