ग्वालियर में ऑक्सीजन टैंकर में भीषण विस्फोट: आसपास के मकानों और फैक्टरियों को पहुंचा भारी नुकसान, इलाके में फैली दहशत
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक औद्योगिक इकाई के भीतर खड़े ऑक्सीजन टैंकर में अचानक हुए जोरदार विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यह घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के पिंटू पार्क इंडस्ट्रियल एरिया स्थित 'शिवा कंप्रेस्ड एयर प्रोडक्ट्स' फैक्ट्री परिसर में हुई।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के मकानों में भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए। विस्फोट की चपेट में आने से ऑक्सीजन टैंकर और पास ही खड़े एक अन्य ट्रक के परखच्चे उड़ गए, जिनका मलबा पूरे परिसर में बिखर गया। इसके अलावा, तेज दबाव के कारण फैक्ट्री की बाउंड्री वॉल ढह गई और आसपास के कई रिहायशी मकानों व औद्योगिक इकाइयों की दीवारों में दरारें आने के साथ-साथ खिड़कियों के शीशे टूट गए।
सामने आया घटना का सीसीटीवी फुटेज
विस्फोट की भयावह आवाज सुनकर स्थानीय लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें धमाके के तुरंत बाद उठता धूल और धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है।
जनहानि की सूचन नहीं
ग्वालियर के प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इतना भीषण हादसा होने के बावजूद किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी विस्फोट के पीछे के सटीक तकनीकी कारणों की जांच कर रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।