साहिल की मौत पर IIT बॉम्बे का यू-टर्न: सस्पेंड किए गए डीन, शुरुआती दावे पर संस्थान ने मांगी माफी

IIT बॉम्बे ने बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला को डीन पद से सस्पेंड कर दिया है। संस्थान ने साहिल की मौत से पहले की घटनाओं को लेकर अपने शुरुआती बयान पर भी माफी मांगी है। IIT बॉम्बे ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले घटना को लेकर किसी तरह का निष्कर्ष देना उचित नहीं था। 22 वर्षीय साहिल एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में सेकेंड ईयर के छात्र थे। 18 सितंबर की रात वह पवई कैंपस स्थित हॉस्टल के कमरे में मृत मिले थे।
IIT बॉम्बे ने 19 सितंबर को जारी अपने आधिकारिक बयान में कहा था कि घटना वाले दिन साहिल को मिड-सेमेस्टर एग्जाम के दौरान फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। संस्थान के मुताबिक, साहिल ने चैट जीपीटी पर क्वेश्चन पेपर अपलोड करने की कोशिश की थी। इसके बाद वह हॉस्टल लौटे और सुसाइड कर लिया। हालांकि, बाद में संस्थान ने इस मामले में जांच पूरी होने से पहले ऐसी जानकारी सार्वजनिक करने को लेकर माफी मांगी है।
20 साल में IITs में 160 छात्रों की मौत
साहिल की मौत इस साल IIT बॉम्बे में सुसाइड का तीसरा और देशभर के IITs में नौवां मामला बताया गया है। पिछले छह वर्षों में 2025 में सबसे ज्यादा 16 IIT छात्रों ने सुसाइड किया था। ग्लोबल IIT एलुमनाई सपोर्ट ग्रुप के मुताबिक, पिछले 20 वर्षों में IITs के कुल 160 छात्रों ने आत्महत्या की है।
इस्तीफे को लेकर साफ की स्थिति
IIT बॉम्बे ने डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदारे के इस्तीफे को लेकर भी स्थिति साफ की है। सोमवार को जारी बयान में संस्थान ने कहा कि डायरेक्टर ने अभी इस्तीफा नहीं दिया है। इससे पहले रविवार देर रात उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ करीब तीन घंटे बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि तय प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह इस्तीफा देंगे। डायरेक्टर ने छात्रों की 18 मांगों वाले डॉक्यूमेंट पर साइन भी किए थे।










