इंदौर में सब्जी मंडी हटाने पर हंगामा: कांग्रेस नेता ने सरकारी कर्मचारी को मारा थप्पड़, पार्षद को भीड़ ने लात मारी

मध्य प्रदेश के इंदौर में सब्जी मंडी हटाने को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। फूटी कोठी चौराहे की सब्जी मंडी को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के विरोध में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और प्रशासनिक कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने कथित तौर पर एक सरकारी कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद पुलिस ने सोनिला मिमरोट समेत सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, सोनिला मिमरोट सब्जी मंडी को हटाए जाने के विरोध में मौके पर पहुंची थीं। इसी दौरान सरकारी कर्मचारी से बहस हुई और उन्होंने कथित तौर पर कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप, सात हिरासत में
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल ने बताया कि सोनिला मिमरोट, सामाजिक कार्यकर्ता प्रहलाद पांडे और अन्य लोगों ने विरोध-प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। पुलिस ने सात आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
हिरासत में ले जाते समय कांग्रेस पार्षद को मारी लात
हंगामे के दौरान कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को भी हिरासत में लिया गया। चश्मदीदों के मुताबिक, पुलिस जब पार्षद को उनके हाथों और पैरों को पकड़कर वाहन तक ले जा रही थी, तभी भीड़ में खड़े एक व्यक्ति ने अचानक उन्हें लात मार दी।
इस घटना को लेकर पुलिस से सवाल किया गया तो अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल ने कहा कि अगर घटना का वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया जाता है, तो जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सब्जी मंडी को स्थानांतरित करने के विरोध में हुए इस प्रदर्शन के दौरान थप्पड़ मारने और पार्षद को लात मारने की घटनाओं से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस पूरे मामले में कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।