जयपुर में एअर इंडिया की इमरजेंसी लैंडिंग: फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहा था विमान, दिल्ली में स्टैंडबाय पर एनएसजी टीम
फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-2030 को बुधवार सुबह सुरक्षा अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पायलट ने अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को कुछ सेकेंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड भेजा था। इसे विमान हाईजैक होने की स्थिति से जुड़ा संकेत माना जाता है। सुबह करीब 9:45 बजे विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हालांकि, अब तक किसी संदिग्ध गतिविधि या जांच के नतीजे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षा संबंधी सूचना जयपुर एटीसी के साथ साझा किए जाने के बाद विमान को करीब 45 मिनट के भीतर जयपुर उतारा गया। लैंडिंग के तुरंत बाद विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी जांच के लिए विमान में पहुंचे। फ्लाइट को आइसोलेशन-बे में रखा गया है। यात्रियों को सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में विमान से उतारकर टर्मिनल में बैठाया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। गृह मंत्रालय भी मामले को गंभीरता से ले रहा है। दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के कमांडो को स्टैंडबाय पर रखा गया है। उनके जल्द जयपुर पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है।
दिल्ली के बजाय जयपुर पहुंचा विमान
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद एटीसी को सुबह करीब नौ बजे स्क्वाक-7500 का संकेत मिला। इसके बाद लगभग 9:10 बजे विमान का रूट बदलकर जयपुर कर दिया गया। फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान ने 13 अक्टूबर की रात 9:45 बजे फ्रैंकफर्ट से उड़ान भरी थी। इसे 14 अक्टूबर की सुबह 10:40 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन सुरक्षा अलर्ट के बाद इसे जयपुर उतारना पड़ा। फिलहाल जांच और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई जारी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

