जौलजीबी मेले में सियासी बवाल: सीएम के सामने बोलने नहीं दिया तो भड़के कांग्रेस विधायक, मंच पर फेंका माइक

सेव सूची

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब मंच से संबोधन का मौका नहीं मिलने पर कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी नाराज हो गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपनी बात नहीं रख पाने से नाराज विधायक ने मुख्यमंत्री के जाने के बाद मंच पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने माइक उठाकर साउंड सिस्टम की ओर फेंक दिया। इस दौरान मंच पर रखी कुर्सियां और अन्य सामान भी फेंके जाने की घटना सामने आई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भारत-नेपाल सीमा के पास गोरी और काली नदियों के संगम पर आयोजित जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी भी मौजूद थे। वह मेले की आयोजन समिति के अध्यक्ष भी हैं। विधायक का आरोप है कि उन्हें कार्यक्रम की अध्यक्षता की जिम्मेदारी तो दी गई, लेकिन मुख्यमंत्री की मौजूदगी में संबोधन का अवसर नहीं दिया गया।

बताया गया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के बाद विधायक ने माइक लेकर बोलना शुरू किया, लेकिन इसी दौरान साउंड सिस्टम बंद हो गया। इससे नाराज विधायक साउंड ऑपरेटरों के पास पहुंच गए और माइक फेंककर अपना विरोध जताया। इसके बाद उनके समर्थक भी मंच पर पहुंच गए। मंच पर रखी कुर्सियां और साउंड सिस्टम का सामान फेंके जाने से वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।

स्थानीय मुद्दे उठाना चाहते थे विधायक

घटना के बाद हरीश धामी ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज सुनने से बच रही है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के सामने अपने क्षेत्र की समस्याएं और स्थानीय लोगों की मांगें रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। विधायक ने कनार क्षेत्र में सड़क संपर्क की समस्या और हाल में आठ वर्षीय बच्ची की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि जनता की समस्याएं उठाना क्या अपराध है?

भाजपा ने की कार्रवाई की मांग

इस घटना के बाद भाजपा ने कांग्रेस विधायक के व्यवहार की निंदा की और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। भाजपा नेता महेंद्र सिंह बुडियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के व्यस्त कार्यक्रम के कारण आयोजन को संक्षिप्त रखा गया था, लेकिन विधायक का इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। भाजपा की ओर से चेतावनी दी गई कि विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विरोध किया जाएगा।

कांग्रेस ने साधा निशाना

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने विधायक को संबोधन का मौका नहीं दिए जाने पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पंत ने कहा कि जिले के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं करना लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी है। गौरतलब है कि जौलजीबी मेला भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना जाता है। यहां तीनों क्षेत्रों के व्यापारी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन के उद्घाटन समारोह में राजनीतिक विवाद खड़ा होने से मेले की चर्चा विकास और व्यापार के बजाय सियासी टकराव को लेकर होने लगी है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।