झारखंड में भीषण सड़क हादसा: सड़क किनारे खड़े लोगों को ट्रक ने रौंदा, सात की मौत

झारखंड के खूंटी में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार 18-पहिया ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को बेरहमी से रौंद दिया। इस भीषण हादसे में तीन बच्चों और तीन महिलाओं सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य लड़की गंभीर रूप से घायल है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात करीब 9:45 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी चालक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। इस छोटे हादसे को देखने और स्कूटी सवार की मदद करने के लिए पास की ही कॉलोनी के कई महिलाएं और बच्चे वहां इकट्ठा हो गए थे।
इसी दौरान तोरपा की ओर से कर्रा की तरफ आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार 18-पहिया ट्रक ने मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी भीड़ को कुचल दिया। अंधेरा और टेढ़ा मोड़ होने की वजह से ड्राइवर भीड़ को देख नहीं पाया।
छह की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम
खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP) ऋषभ गर्ग ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 12 वर्षीय एक और बच्चे ने दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल खुशबू कुमारी नाम की लड़की का अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक अत्यधिक नशे में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद चालक और खलासी ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा-"खूंटी के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन व्यथित है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मारांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।" पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

