एसआईआर को लेकर जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर साधा निशाना: कहा- बाहरी लोगों को ‘वैध बनाने’ में जुटा है विपक्षी दल, 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ' पदयात्रा को किया संबोधित
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध करने को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बाहरी लोगों को ‘सामान्य, मान्यता प्राप्त और वैध बनाने’ की कोशिश कर रही है, क्योंकि इन लोगों के समर्थन से वह लंबे समय तक सत्ता में रही है। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली और पदयात्रा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बाहरी लोगों की पहचान करने, उनके नाम मतदाता सूची से हटाने और उन्हें देश से बाहर भेजने के पक्ष में है। उन्होंने कांग्रेस पर निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा,भाजपा के अमित शाह ‘पहचान करो, नाम हटाओ और निर्वासित करो’ की बात करते हैं। कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के लोग कहते है कि कि बाहरी लोगों को सामान्य बनाओ, उन्हें मान्यता दो और वैध बनाओ। उनके आधार कार्ड और राशन कार्ड बनाओ तथा उन्हें यहां बसा दो। वे आपके मतदाता हैं, उन्हें मान्यता दो और भारतीय राजनीति का हिस्सा बनाओ। आप बताइए, क्या ऐसे लोगों की पहचान नहीं की जानी चाहिए? क्या उन्हें देश से बाहर नहीं भेजा जाना चाहिए? नड्डा ने लोगों से कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन का राजनीतिक रूप से बहिष्कार करने की अपील भी की।
कांग्रेस निर्वाचन आयोग को कमजोर करने की कोशिश कर रही
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। निर्वाचन आयोग ऐसे देश की संस्था है, जिसे लोकतंत्र की जननी कहा जाता है और जहां लोगों की रगों में लोकतांत्रिक मूल्य प्रवाहित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी यह सब किसी सकारात्मक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनता का समर्थन हासिल करने में अपनी विफलता के कारण कर रही है। उन्हें एहसास हो गया है कि अगले 20 से 30 वर्षों तक मतदाता उन्हें राजनीतिक परिदृश्य में कोई जगह नहीं देने वाले हैं। इसलिए उन्होंने निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है।
चुनाव जीतने पर राहुल गांधी पहलवान होते है
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का तर्क है कि यदि वह कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश की तरह चुनाव जीतती है तो राहुल गांधी पहलवान होते है, लेकिन चुनाव हारने पर निर्वाचन आयोग को बेईमान करार दिया जाता है। दुनिया के कई देशों में मतदाताओं को अपना नाम दर्ज कराने के लिए निर्वाचन कार्यालय जाना पड़ता है, जबकि भारत में बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने इसे निर्वाचन आयोग की मजबूती बताया।
'नाच न जाने आंगन टेढ़ा' वाली कहावत का किया उल्लेख
उन्होंने 'नाच न जाने आंगन टेढ़ा' वाली कहावत का उल्लेख किया और कहा कि यह कांग्रेस पर बिल्कुल फिट बैठती है। कांग्रेस को लोगों के दिलों में राज करना आता नहीं है और हर बार वह दोष निर्वाचन आयोग के मत्थे मढ़ दिया करती है। कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया, ऐसे में वह किस मुंह से लोकतंत्र की रक्षा की बात करती है। आपातकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं इसके भुक्तभोगी रहे हैं और पढा़ई के दौरान उन्हें दो बार पुलिस पकड़ कर ले गई थी। उस अवधि में परिवार के परिवार जेल में डाल दिए गए थे।
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन देश को अस्थिर करना चाहते है
उन्होंने कहा कि 1,30,000 से अधिक लोगों को 22 महीने बिना दलील और बिना अपील के जेल में डाला था जबकि आजादी की लडा़ई के दौरान अंग्रेजों ने कुल मिलाकर इतने लोगों को जेल में नहीं डाला था । कांग्रेस और इंडिया गठबंधन देश को अस्थिर करना चाहते हैं और साथ ही उस साख को गिराना चाहते है जो देश की संस्थाओं ने सालों की मेहनत से कमाई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा हाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी का उल्लेख करते हुए नड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी के नेता चुनावी विफलताओं को छिपाने के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी विपक्ष पर लगाया आरोप
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी अपनी चुनावी विफलताओं को छिपाने के लिए यह मुद्दा उठा रही है। कार्यक्रम के बाद नड्डा समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया। यह पदयात्रा भोपाल के चर्चित अटल पथ से आरंभ हुई और प्लेटिनम प्लाजा, टीटी नगर से होते हुए रोशनपुरा तक पहुंची। भाजपा ने दावा किया कि इस पदयात्रा में लगभग एक लाख लोग शामिल हुए। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की ओर से एसआईआर और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चलाए जा अभियान की काट के लिए भाजपा देशभर में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाल रही है। भोपाल की पदयात्रा से पहले भाजपा जबलपुर और इंदौर में भी ऐसे आयोजन कर चुकी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

