कर्नाटक में आशा कार्यकर्ताओं के हड़ताल का दसवां दिन: मुख्यमंत्री ने वापस लेने का किया आग्रह, कहा-मुद्दे को सरकार के साथ टकराव का रूप न दें

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं से गुरुवार को अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस लेने की अपील की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों का समाधान करेगी। मुख्यमंत्री ने आशा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को सरकार के साथ टकराव का रूप न दें। आशा कार्यकर्ताओं की यहां के ‘फ्रीडम पार्क’ में जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल का गुरुवार को 10वां दिन है। विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं की मांगों में मासिक मानदेय बढ़ाकर 15,000 रुपये करना शामिल हैं। प्रदर्शन के दौरान एक कलाकार अलका राव की अगुवाई में कला के माध्यम से एकजुटता भी व्यक्त की गई। इस पहल के तहत कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
शिवकुमार ने कहा, मैं उनसे अपील कर रहा हूं कि कृपया अपना प्रदर्शन वापस ले लें। इसे प्रतिष्ठा का सवाल बनाने की जिद छोड़ दें। हम आपके साथ हैं। उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं और वित्त विभाग के साथ आगे विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पहले ही पांच से छह दौर की बातचीत हो चुकी है। मैं अपनी सभी माताओं और बहनों से विनम्र अपील करता हूं। कृपया हम पर भरोसा रखें। हम निश्चित रूप से आपकी मांगों का समाधान निकालेंगे।
हर कोई सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने लगेगा, तो जिम्मेदारी कौन लेगा?
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे के गंभीर वित्तीय प्रभाव हैं, क्योंकि विभिन्न सरकारी विभागों में काम करने वाले कई अन्य श्रेणियों के कर्मचारी भी इसी तरह की मांगें उठा रहे हैं। अगर हर कोई सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने लगेगा, तो जिम्मेदारी कौन लेगा? हर व्यक्ति की आजीविका हमारे लिए महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार ने कांग्रेस के घोषणापत्र में आशा कार्यकर्ताओं से किया गया वादा पूरा किया है और उनकी मदद जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पांच गारंटी योजनाओं में से चार का लाभ लेने की अनुमति भी दी गई है। बेरोजगार युवाओं को मुआवजा देने वाली योजना इसका अपवाद है।
केंद्र सरकार को वित्तीय बोझ का हिस्सा बढ़ाना चाहिए
आशा कार्यक्रम में केंद्र के योगदान पर सवाल उठाते हुए शिवकुमार ने कहा कि केंद्र सरकार को वित्तीय बोझ पूरी तरह कर्नाटक पर छोड़ने के बजाय अपना हिस्सा बढ़ाना चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के दौरान शुरू की गई इस योजना का जिक्र करते हुए शिवकुमार ने कहा कि राज्य सरकार वित्तीय जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा उठा रही है।
सरकार आशा कार्यकर्ताओं के बिना काम नहीं कर सकती
उन्होंने इस सुझाव को भी खारिज कर दिया कि सरकार आशा कार्यकर्ताओं के बिना काम कर सकती है। उन्होंने कहा, हमें सभी की जरूरत है। वे भले ही आशा कार्यकर्ता हों, लेकिन अंततः वे देश की सेवा कर रही हैं। आशा कार्यकर्ताओं से अपनी शिकायतों का समाधान निकालने के लिए सरकार को और समय देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से नेलमंगला और अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की है और उनकी समस्याओं को समझा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।