केरलम में वंदे मातरम के पूर्ण गायन पर विवाद: गीत खत्म होने से पहले कुर्सी पर बैठे स्वास्थ्य मंत्री, वीडियो वायरल होने के बाद सियासी हंगामा
केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' का पूरा गायन खत्म होने से पहले ही अपनी कुर्सी पर बैठ गए, जिसके बाद इस घटना के वीडियो को लेकर सियासी हंगामा खड़ा हो गया है। यह घटना कासरगोड जिले के 'मुल्लेरिया फैमिली हेल्थ सेंटर' में एक प्रयोगशाला के उद्घाटन समारोह के दौरान हुई।
सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' का गायन शुरू हुआ। गीत के शुरुआती दो अंतरे पूरे होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन, कासरगोड के सांसद राजमोहन उन्नीथन, विधायक के. माहीन और जिला कलेक्टर श्रीधन्या सुरेश अपनी सीटों पर वापस बैठ गए, जबकि गायन अभी जारी था। वीडियो में यह भी देखा गया कि मंत्री राष्ट्रगीत के दौरान पास बैठे लोगों से बातचीत भी कर रहे थे। हालांकि, दूसरी तरफ मौजूद कांग्रेस विधायक के. नीलकंदन और जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के अध्यक्ष पी. के. फैसल राष्ट्रगीत का पूरा गायन खत्म होने तक सम्मानपूर्वक खड़े रहे।
मंत्री का पक्ष-राज्य के अपने प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है
इस घटना पर मचे हंगामे के बाद स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने अपना बचाव किया है। मंत्री का कहना है कि," राज्य सरकार के कार्यक्रमों में राज्य के अपने प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है, जिसके तहत वंदे मातरम के केवल पहले दो छंद ही गाए जाते हैं। उन्होंने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि वे एक स्वतंत्रता सेनानी के बेटे हैं और उन्हें किसी से देशभक्ति का पाठ सीखने की जरूरत नहीं है।" मंत्री मुरलीधरन ने पहले भी स्पष्ट किया था कि केंद्र के निर्देशों के बावजूद केरलम के सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम का केवल दो छंदों वाला पारंपरिक संस्करण ही शामिल किया जाएगा।
भाजपा ने माफी मांगने की मांग की
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे राष्ट्रगीत और संविधान का गंभीर अपमान बताया है। भाजपा के जिला नेतृत्व का कहना है कि एक कैबिनेट मंत्री और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा गीत के बीच में बैठ जाना नियमों की खुली अवहेलना है। भाजपा जिला अध्यक्ष एम. एल. अश्विनी ने पुष्टि की है कि राष्ट्रगीत का अनादर करने के मामले में मंत्री, जिला कलेक्टर और अन्य नेताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। भाजपा ने इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
दो बनाम छह छंदों का केंद्रीय विवाद
यह विवाद केंद्र सरकार के उस हालिया दिशा-निर्देश के बाद और गहरा गया है जिसमें सरकारी और आधिकारिक कार्यक्रमों में वंदे मातरम के सभी छह अंतरों (पूर्ण संस्करण) को गाना अनिवार्य किया गया है। जहां भाजपा इसे राष्ट्रीय सम्मान और नए कानून के तहत आवश्यक मानती है, वहीं कांग्रेस का रुख है कि 1937 के ऐतिहासिक प्रस्ताव के समय से ही शुरुआती दो छंदों को गाना ही पर्याप्त और सर्वस्वीकार्य परंपरा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।