कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड लतीफ भट ढेर: सरेंडर के लिए वीडियो कॉल पर समझाया, आतंकी ने ठुकराया प्रस्ताव, बोला- अल्लाह से मिलना है

सरेंडर के लिए वीडियो कॉल पर समझाया, आतंकी ने ठुकराया प्रस्ताव, बोला- अल्लाह से मिलना है
सेव सूची

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बुधवार सुबह सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। वह कुलगाम में सीआरपीएफ की चौकी पर हुए हमले में शामिल था। मुठभेड़ के दौरान आतंकी एक मस्जिद में छिपा हुआ था। इससे पहले सुरक्षाबलों ने उसे वीडियो कॉल के जरिए सरेंडर करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया।

सरेंडर के लिए वीडियो कॉल, आतंकी ने कहा-अल्लाह से मिलना है

बुधवार सुबह मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल के जरिए संपर्क किया। अधिकारियों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि वह सुरक्षित रहेगा। सामने आए वीडियो में एक अधिकारी को आतंकी से कहते सुना जा सकता है कि हम तुम्हारे साथ हैं।

हालांकि, लतीफ भट ने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। उसने जवाब दिया कि मुझे अल्लाह से मुलाकात करनी है। मैं बहुत खुश हूं। इसके बाद इलाके में फिर से गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने कुलगाम के कई गांवों में घेराबंदी तेज कर दी और ऑपरेशन के दौरान लतीफ भट को मार गिराया।

सीआरपीएफ चौकी पर हमले से जुड़े थे दोनों आतंकी

लतीफ भट का साथी उमर निसार डार सोमवार को कुलगाम में एक मुठभेड़ के दौरान मारा गया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों आतंकी 11 नवंबर को अखरान इलाके में सीआरपीएफ की चौकी पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे।

हमले के बाद से सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया था। आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर घेराबंदी की गई और पूछताछ के लिए 500 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया।

CCTV फुटेज में हमले से पहले रेकी करते दिखे आतंकी

मंगलवार को पुलिस ने CCTV फुटेज जारी किया था। इसमें उमर निसार डार और लतीफ भट को 11 नवंबर को सीआरपीएफ की चौकी पर हमले से पहले इलाके की रेकी करते देखा गया।

पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों आतंकियों ने हमले से पहले कई इलाकों की टोह ली थी। 10 नवंबर को उमर निसार डार ने लतीफ भट के साथ मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई जगहों की रेकी की थी। उनका मकसद संभावित ठिकानों की पहचान करना और सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बनाना था।

अगले दिन दोनों ने अखरान में CRPF की चौकी पर हमला किया और मौके से फरार हो गए। CCTV फुटेज के विश्लेषण के बाद पुलिस ने दोनों की पहचान की। फुटेज में हमले से पहले उनकी गतिविधियां और हमले के बाद चौकी से भागते हुए भी देखा गया।

पांच-छह महीने से लतीफ भट को पनाह दे रहा था डार

जांच में यह भी सामने आया कि उमर निसार डार पिछले पांच-छह महीनों से लतीफ भट को पनाह दे रहा था और उसे मदद पहुंचा रहा था। डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम के एक पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार, लतीफ भट स्थानीय स्तर पर आतंकवादी गतिविधियों में सक्रिय था। वह 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिस पर हुए आतंकी हमले में भी शामिल था। इस हमले में एक पुलिसकर्मी बलिदान हो गया था।

कुलगाम में सीआरपीएफ चौकी पर हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों के नेटवर्क और उनके मददगारों की तलाश तेज कर दी थी। लतीफ भट और उमर निसार डार के मारे जाने को इस अभियान में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।