ट्रेन की चपेट में आने से शेरनी की मौत: शिकार के दौरान ट्रैक पर आने से हुआ हादसा, मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी

जूनागढ़ के विसावदर तहसील में एक लोकल ट्रेन की चपेट में आने से एक वयस्क एशियाई शेरनी की मौत हो गई। यह दुखद हादसा खंभालिया गांव के पास ओजत नदी के पुल के नजदीक जूनागढ़-चलाला मीटर गेज रेलवे ट्रैक पर हुआ।
रिपोर्ट के अनुसार, मृत पाई गई शेरनी की उम्र करीब पांच से नौ वर्ष के बीच बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शेरनी भेड़-बकरियों का शिकार करने के लिए उनके पीछे दौड़ रही थी। इसी दौरान वह अनजाने में रेलवे ट्रैक पर आ गई और वहां से गुजर रही जूनागढ़-चलाला मीटर गेज लोकल ट्रेन की चपेट में आ गई।
वन विभाग ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम ने शेरनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, वन विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, इस मीटर गेज ट्रैक पर पहले कभी शेर या शेरनी की ट्रेन से कटकर मौत होने की ऐसी घटना सामने नहीं आई थी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।