पंजाब में एलपीयू कैंपस में देर रात हंगामा: अफवाह के बीच छात्रों ने की तोड़फोड़ और आगजनी, अमृतसर-दिल्ली हाईवे किया जाम

जालंधर की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रों के विरोध प्रदर्शन से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर एक छात्रा से कथित रेप और इसके बाद आत्महत्या की अफवाह फैलने के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े गंभीर मामले का दावा किया गया। हालांकि, पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने तोड़फोड़ और आगजनी की। हंगामे के कारण अमृतसर-दिल्ली हाईवे भी जाम हो गया।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मामले को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए। इनके चलते कैंपस में छात्रों की भीड़ जुटने लगी और विरोध तेज हो गया। छात्रों की ओर से साझा किए गए वीडियो और तस्वीरों में प्रदर्शन और हंगामे की स्थिति दिखाई गई। हालांकि, घटना के मूल कारण को लेकर सामने आए दावों की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

राजपुरा की निजी यूनिवर्सिटी में भी अफवाह के बाद बवाल
इससे पहले शुक्रवार देर रात राजपुरा स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में भी अफवाह के बाद बड़ा हंगामा हुआ था। हॉस्टल में रात के समय दरवाजे खटखटाने की बात से शुरू हुआ मामला कुछ ही देर में बढ़ गया। सैकड़ों छात्र हॉस्टल से बाहर निकल आए और कैंपस में ‘भूत भगाओ’ के नारे लगाए गए। इसी बीच दो छात्रों की मौत और उनकी आत्मा भटकने का दावा भी फैल गया। अफवाह के बीच छात्रों ने हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस पहुंची तो उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ने, पथराव और हाथापाई की सूचना सामने आई।

चौकी इंचार्ज के साथ की मारपीट
सूचना पर थाना बनूड़, थाना सदर राजपुरा और थाना सिटी राजपुरा से पुलिस बल पहुंचा। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन देर रात तक तनाव बना रहा। केएसएम चौकी इंचार्ज अजय कुमार के साथ मारपीट की भी सूचना है। कुछ छात्रों ने उन पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया, जिसके बाद यूनिवर्सिटी की लैब में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसी दौरान दो छात्राओं के लापता होने की अफवाह भी फैली। हालांकि, पुलिस या यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की। डीएसपी सुखदेव सिंह ने कहा कि कथित रूप से लापता छात्राओं के नाम या पहचान सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया मामला अफवाह का लगता है। पुलिस ने छात्रों की शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










