मध्य प्रदेश में उफनते नाले में समाई कार: हादसे में 8 लोगों की मौत, बगलामुखी माता मंदिर में दर्शन करने आया था परिवार

23 घंटे पहले
हादसे में 8 लोगों की मौत, बगलामुखी माता मंदिर में दर्शन करने आया था परिवार

मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में भारी बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। नलखेड़ा कस्बे में बगलामुखी मंदिर के पास बारिश के पानी से उफन रहे नाले में एक कार गिर गई। हादसे में कार सवार तीन बच्चों, दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई। घटना रात करीब 1:30 बजे जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर हुई।

नलखेड़ा थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के अनुसार, कार सवार लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी लोग उज्जैन से टैक्सी किराये पर लेकर बगलामुखी माता मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। लौटते समय भारी बारिश के कारण उफान पर आए नाले में कार गिर गई। सूचना मिलने पर कलेक्टर शेर सिंह मीणा, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयत मौके पर पहुंचे।

क्रेन से कार को बाहर निकाला

प्रशासन और स्थानीय लोगों ने रस्सियों की मदद से कार को किनारे से बांधा। इसके बाद क्रेन की सहायता से कार को नाले से बाहर निकाला गया। कार में सवार सभी आठ लोगों के शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजे गए। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।

एक ही परिवार के बताए जा रहे मृतक

मृतकों की पहचान राधा रानी बेहरा, शिव प्रसाद बनमाली बेहरा, कृष्ण राजवीर, सेना उर्फ सोन पूर्वा, ज्ञानेंद्र कुमार बेहरा, शिव प्रसाद बेहरा, रीता रानी और कार चालक अरुण के रूप में हुई है। कृष्ण राजवीर, शिव प्रसाद के पुत्र थे, जबकि रीता रानी, ज्ञानेंद्र बेहरा की पत्नी थीं। अरुण बद्री लाल गोयल के पुत्र हैं। मृतकों की उम्र फिलहाल स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी यात्री एक ही परिवार के सदस्य थे।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रशासन के अनुसार, भारी बारिश के चलते नाला उफान पर था। स्थानीय लोगों ने यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री और पीएम ने जताया दुख

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने और हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया और प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।