मध्य प्रदेश में रसगुल्ला समझकर युवक ने खाया बम: चेहरा और जबड़ा हुआ क्षत-विक्षत, इलाज के दौरान मौत

सेव सूची

मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रसगुल्ला समझकर देसी बम खाने से 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरापी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे की है। पड़रिया छांटा गांव निवासी राजेंद्र बरौतिया खाना खाने के बाद अपने घर के आंगन में परिवार के साथ बैठकर अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में ही रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उनके पास बैठ गया।

बातचीत और हंसी-मजाक के दौरान आरोपी रामभगत ने राजेंद्र को एक छोटा देसी 'सूअरमार बम' दिया और इसे 'रसगुल्ला' बताकर खाने को कहा। अंधेरे में मिठाई समझकर राजेंद्र ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, बम में जोरदार धमाका हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

विस्फोट इतना जबरदस्त था कि राजेंद्र का चेहरा और जबड़ा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामभगत बरौतिया को गिरफ्तार कर लिया है और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह महज एक जानलेवा मजाक था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।