महाराष्ट्र में मादक पदार्थों के गिरोह का भंडाफोड़: तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार, 10.93 करोड़ रुपये की कोकीन और मेफेड्रोन जब्त

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के एक आवासीय परिसर से संचालित मादक पदार्थों के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है और 10.93 करोड़ रुपये की कोकीन तथा मेफेड्रोन जब्त की है। उप पुलिस आयुक्त बालासाहेब पाटिल ने संवाददाताओं को बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर मुंब्रा पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने 14 नवंबर को दिवा के बेतवाडे गांव स्थित मैराथन नेक्सवर्ल्ड आवासीय परिसर के 600 फ्लैटों की तलाशी ली और दो नाइजीरियाई नागरिकों तथा सेनेगल के एक नागरिक को पकड़ा।
ठाणे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मुंब्रा और दिवा थाना क्षेत्रों के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, सेवन और अवैध रूप से रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने लक्षित तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने नाइजीरियाई नागरिकों इमैनुएल चुक्वुएमेका नवांक्वो (41) और यूचेरिया चुक्वुएमेका ओबियानुजू (41) को पकड़ा। उनके पास से बिक्री के लिए रखी गई 2.098 किलोग्राम कोकीन और 104.7 ग्राम मेफेड्रोन बरामद की गई। अधिकारी ने बताया कि मुंब्रा पुलिस थाने में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों से पूछताछ के बाद जांच दल उनके सहयोगी उस्मान बुआरी अली तक पहुंचा, जो पश्चिम अफ्रीका के सेनेगल का मूल निवासी है। उसे 59.3 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया।
नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस
अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 18 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी इमैनुएल चुक्वुएमेका नवांक्वो और उस्मान बुआरी अली आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ मुंबई तथा नवी मुंबई में मादक पदार्थों से जुड़े मामले पहले भी दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी फिलहाल आरोपियों के पासपोर्ट, भारत में उनके रहने की वैधता और उनके व्यापक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति नेटवर्क की जांच कर रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।