महाराष्ट्र में वन्यजीव तस्कर गिरोह का भंडाफोड़: पांच करोड़ रुपये का कोबरे का जहर जब्त, पांच गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 500 मिलीग्राम से अधिक कोबरा सांप का जहर जब्त किया है, जिसकी कीमत 5.2 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की अपराध जांच इकाई ने एक गुप्त सूचना के आधार पर 29 अक्टूबर को काशीगांव इलाके में डोडिया पेट्रोल पंप के पास जाल बिछाया। मीरा रोड संभाग के सहायक पुलिस आयुक्त गणपत पिंगले ने बताया कि पुलिस ने मोहम्मद दानिश फैयिम खान (23) और अब्दुल करीम राशिद अहमद शेख (51) के पास से कांच की दो शीशियां बरामद कीं जिनमें करीब 250 मिलीग्राम और 260 मिलीग्राम कोबरा सांप का जहर था।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
उन्होंने बताया कि मौके से तीसरे आरोपी फैजान अब्दुल अजीज (30) को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम मुंबई के मानखुर्द इलाके के ट्रॉम्बे निवासी दो प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं तक पहुंची। उनकी पहचान फारुक अली अब्दुल अली (37) और नूर मोहम्मद वली मोहम्मद शेख (47) के रूप में हुई है। उन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। काशीगांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

