केरलम में मंडला तीर्थयात्रा की शुरुआत: शबरिमला में उमड़ी भारी भीड़, निवर्तमान पुजारियों ने अपने उत्तराधिकारियों को कार्यभार सौंपा

केरलम के शबरिमला स्थित भगवान अय्यप्पा मंदिर के कपाट मंगलवार तड़के तीन बजे खुलने के साथ ही दो महीने तक चलने वाली वार्षिक मंडला-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा शुरू हो गई और हजारों श्रद्धालु ‘स्वामीये शरणम अय्यप्पा’ के जयकारों के बीच पहाड़ी क्षेत्र में स्थित मंदिर पहुंचे। नवनियुक्त मेलशांति अरीक्करा सुब्रमण्यम शंकरन नंबूदरी ने मलयालम कैलेंडर के वृश्चिकम माह के पहले दिन श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले। इसके साथ ही तीर्थयात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई। मलिकप्पुरम मंदिर भी इसी समय खुला। वहां नवनियुक्त मेलशांति ए. दामोदरन नंबूदरी ने पूजा-अर्चना शुरू की। पूजा की तैयारियों के लिए सोमवार शाम को दोनों मंदिर खोले गए थे। इस दौरान निवर्तमान मुख्य पुजारियों ने अपने उत्तराधिकारियों को कार्यभार सौंपा।
नवनियुक्त मेलशांति ने तंत्री कंदारू ब्रह्मदत्तन द्वारा पारंपरिक अभिषेक अनुष्ठान संपन्न कराए जाने के बाद अपना कार्यभार संभाला। सोमवार को तैयारी संबंधी अनुष्ठानों के बाद कोई अन्य प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं था। राज्य के देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन ने तड़के तीन बजे अय्यप्पा मंदिर में निर्माल्य दर्शन किए। शबरिमला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अधिकारियों को तीर्थयात्रा के शुरुआती दिनों में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। करीब 60,000 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन प्रणाली के जरिए दर्शन के लिए बुकिंग कराई है, जबकि लगभग 14,000 श्रद्धालुओं ने मौके पर बुकिंग का विकल्प चुना है।
तीर्थयात्रा को सुचारू और परेशानी मुक्त बनाने का इंतजाम
अधिकारियों ने मुख्य आधार शिविर निलक्कल, एरुमेली और वंदिपेरियार के पास सत्रम इलाके में मौके पर बुकिंग की व्यवस्था की है। पंबा में मौके पर बुकिंग की सुविधा नहीं दी गई है क्योंकि अधिकारियों को आशंका है कि इससे नदी किनारे स्थित इस तीर्थयात्री केंद्र में भीड़ बढ़ सकती है। जिन श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन बुकिंग नहीं कराई है, वे मंदिर जाने से पहले निर्धारित केंद्रों पर मौके पर बुकिंग की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। मंगलवार सुबह शबरिमला में व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुरलीधरन ने कहा कि तीर्थयात्रा को सुचारू और परेशानी मुक्त बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
14,000 श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति
उन्होंने कहा, "फिलहाल ऑनलाइन प्रणाली के जरिये प्रतिदिन 60,000 श्रद्धालुओं को और मौके पर पंजीकरण के माध्यम से 14,000 अन्य श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जा रही है। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर अदालत की अनुमति से पंजीकरण की सीमा बढ़ाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।" मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वी डी सतीशन की विशेष पहल पर शबरिमला तीर्थ केंद्रों के प्रबंधन के लिए स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को 3.36 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अप्पम और अरवण प्रसाद का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित किया गया है और मांग के अनुसार इनका उत्पादन बढ़ाने की व्यवस्था भी की गई है। सभी स्थानों पर सफाईकर्मियों को तैनात किया गया है और नियमित रूप से कचरा हटाने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
24 आपात चिकित्सा केंद्र स्थापित
स्वास्थ्य विभाग की ‘स्वास्थ्यं शरणम’ परियोजना के तहत पंबा से सन्निधानम तक के मार्ग पर पांच एलोपैथिक अस्पताल और 24 आपात चिकित्सा केंद्र स्थापित किए गए हैं। पांच हृदय रोग विशेषज्ञों सहित 35 चिकित्सकों को तैनात किया गया है। इसके अलावा प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों और पर्याप्त दवाओं का भी इंतजाम किया गया है। आयुर्वेद और होम्योपैथी की सुविधाएं भी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। इनके लिए चार चिकित्सकों की सेवाएं ली जाएंगी। पंबा में 15 और निलक्कल में 10 एंबुलेंस तैनात की गई हैं।
नदी में कपड़े नहीं छोड़ने की श्रद्धालुओं से अपील
इस बीच, देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष के. जयकुमार ने श्रद्धालुओं से स्नान के बाद पंबा नदी में अपने कपड़े नहीं छोड़ने की अपील की और चेतावनी दी कि इससे प्रदूषण फैलता है। उन्होंने कहा कि नदी से कपड़े निकालने के लिए और स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा तथा अधिकारियों को हर तीन घंटे में कम से कम एक बार कचरा साफ करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अन्नदानम के स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। तीर्थयात्रा की शुरुआत के अवसर पर अपने संदेश में मुख्यमंत्री सतीशन ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और उनकी यात्रा के आध्यात्मिक रूप से सुखद होने की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "वृश्चिक महीने की सुबह की सुनहरी किरणें हर हृदय को भगवान अयप्पा की भक्ति के दिव्य प्रकाश से भर दें।" घरों और तीर्थयात्रा मार्गों पर गूंजते भक्ति गीतों का उल्लेख करते हुए सतीशन ने उम्मीद जताई कि शबरिमला की यात्रा पर निकले हर श्रद्धालु की प्रार्थना पूरी होगी। उन्होंने कहा, "शरणम अयप्पा के जयकारों से गूंजता यह मंडला का मौसम सभी को आध्यात्मिक संतुष्टि और भगवान अयप्पा के दर्शन का सौभाग्य प्रदान करे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को यह भरोसा दिलाया कि "केरलम उनके साथ है।"
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।