मध्यप्रदेश में भीषण सड़क हादसा: सड़क किनारे आग ताप रहे पांच लोंगो को ट्रक ने कुचला, तीन की मौके पर मौत

सड़क किनारे आग ताप रहे पांच लोंगो को ट्रक ने कुचला, तीन की मौके पर मौत
सेव सूची

जबलपुर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे आग ताप रहे पांच लोगों को तेज गति से गुजर रहे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-45 की सर्विस रोड पर स्थित एक ढाबे के सामने रात करीब दो बजे हुआ। उस समय शराब दुकान के कर्मचारी और ढाबे का संचालक एवं कर्मचारी सड़क किनारे आग ताप रहे थे।

नगर पुलिस अधीक्षक अर्जुन अयंक मिश्रा ने बताया कि तेज गति से गुजर रहा ट्रक राजमार्ग से सर्विस रोड पर आ गया और उसने ढाबे के सामने खड़ी कार व पिकअप वाहन को टक्कर मारने के बाद आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया। लोगों के कुचले जाने के बाद चालक ने ट्रक पर नियंत्रण खो दिया जिसके चलते मक्के से भरा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में शराब दुकान में काम करनेवाले बलराम (37), मोनू (32) और ढाबा कर्मचारी धर्मेंद्र (35), निवासी खैरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ढाबा संचालक राजा साहू और एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रक चालक के ​खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास ही पुलिस विभाग की पीसीआर वैन खड़ी थी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।