एमपी में ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार: हादसे में पांच लोगों की मौत, कटर की मदद से निकाले शव

मध्य प्रदेश के मैहर में रीवा-मैहर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के परिवार और करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
नादन थाना क्षेत्र के ग्राम रीघरा के पास तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार से चल रही कार सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार लोग कार के अंदर ही फंस गए और पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से घटनास्थल पर पहुंची। गैस कटर और अन्य उपकरणों की सहायता से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया।
पूर्व विधायक के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान अंकुर पटेल, मृदुन पटेल, विशेष पटेल, हरिशंकर पटेल और एक अन्य परिजन के रूप में हुई है। सभी मैहर के पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के परिवार और करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। बताया गया कि परिवार कुछ घंटे पहले जन्मदिन समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना में संजीव कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें पहले नादन और मैहर के अस्पतालों में प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना की जांच शुरू
हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के गृह ग्राम तनाजा समेत पूरे मैहर क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल का हालचाल जाना और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और देर रात हाईवे पर हुए इस भीषण हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









