मुंबई में लैंडस्लाइड से दो की मौत: छह से आठ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका, रेस्क्यू में जुटीं NDRF समेत कई एजेंसियां
मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार सुबह कुर्ला-घाटकोपर इलाके में भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। चिराग नगर की गौशिया चॉल और अशोकनगर इलाके में अचानक मलबा गिरने से कई घर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं छह से आठ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
घटना बुधवार सुबह करीब तीन बजे से 3:48 बजे के बीच हुई। भूस्खलन कुर्ला में राठौड़ मेडिकल के पास चिराग नगर की गौशिया चॉल और घाटकोपर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र वाले अशोकनगर इलाके में हुआ। लगातार बारिश के कारण मिट्टी खिसकने से अचानक मलबा घरों पर जा गिरा। रात का समय होने और तेज बारिश के चलते लोगों को संभलने का मौका नहीं मिल सका। शुरुआती जानकारी में चार से पांच लोगों के मलबे में फंसे होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में बीएमसी ने यह संख्या बढ़कर छह से आठ होने की आशंका जताई।
घायलों को भेजा अस्पताल
बीएमसी की ताजा जानकारी के मुताबिक, हादसे में छह से आठ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एंबुलेंस, एनडीआरएफ और वार्ड स्टाफ की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। हादसे में दो लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घायलों की पहचान 18 वर्षीय सोहेल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी के रूप में हुई है।
मलबा हटाने का काम जारी
बचाव दल मलबे को हटाकर उसमें दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। बरामद किए गए दोनों शवों को पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी औपचारिकताओं के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है। लगातार बारिश के बीच रेस्क्यू टीमों की निगरानी में मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।
राहत-बचाव अभियान जारी
डीसीपी गणेश शिंदे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लगातार बारिश के कारण घाटकोपर पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अशोकनगर इलाके में भूस्खलन हुआ। हादसा तड़के करीब 3 बजे हुआ। उन्होंने बताया कि अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं और राहत-बचाव अभियान जारी है। स्थिति को नियंत्रित करने और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस के साथ बीएमसी, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की टीमें तैनात की गई हैं।











