मुंबई में तीन मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा: छह लोगों की मौत, मलबे में राहत-बचाव अभियान जारी

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मानखुर्द क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जनता नगर स्थित एक पुरानी तीन मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी), दमकल विभाग और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मानखुर्द के जनता नगर में हनुमान मंदिर के पीछे स्थित बिल्डिंग नंबर-5 में हुई। इमारत के जिस हिस्से में दो से तीन रिहायशी यूनिट थीं, वह अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में चार महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। बीएमसी ने छह मौतों और एक घायल की आधिकारिक पुष्टि की है।
राहत कार्य में कई एजेंसियां जुटीं
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। राहत कार्य को तेज करने के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। प्रशासन का कहना है कि मलबा हटाने का कार्य जारी है और पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है।
भारी बारिश को माना जा रहा संभावित कारण
बीएमसी ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि लगातार हो रही बारिश के कारण इमारत के कमजोर हिस्से पर अतिरिक्त दबाव पड़ा, जिससे वह ढह गया। हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
बारिश से बढ़ा मौतों का आंकड़ा
मुंबई में पिछले दो दिनों से रेड अलर्ट के बीच लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मानखुर्द हादसे के बाद बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या आठ पहुंच गई है। इससे पहले शहर के अलग-अलग इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की जान जा चुकी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









