जयपुर में दबंगों ने की युवक की हत्या: सिर पर डंडे से किया ताबड़तोड़ वार, चार आरोपी अरेस्ट
राजधानी जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश के रहने वाले युवक बलबीर की सरेआम डंडे से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई है। युवक सड़क किनारे खड़ा था, तभी हमलावरों ने पीछे से आकर उसके सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें चार युवक हाथों में लाठियां लेकर जाते नजर आ रहे है। घटना के बाद मानसरोवर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी कर चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
युवक सड़क किनारे खड़ा था, तभी हमलावरों ने पीछे से आकर उसके सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण बलबीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार हत्या लूट के इरादे से की गई थी। बलवीर से पहले उसके साथियों पर भी हमला किया गया था।
मार्बल-टाइल्स का करता था काम
मृतक युवक एक साल से जयपुर में शांति नगर,गुर्जर की थड़ी पर किराए का कमरा लेकर रह रहा था और मार्बल-टाइल्स का काम करता था। गुर्जर की थड़ी के शांति नगर इलाके में सड़क किनारे खड़ा था। पीछे से चार युवक हाथ में लाठियां लेकर रेलिंग से कूदते हुए युवक के पास गए। पीछे से उसके सिर पर डंडों से वार कर दिया।
राहगीरों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
अचानक हुए हमले से मौके पर भीड़ इक्ट्ठा हो गई। वहीं हमलावर भाग गए। राहगीरों ने घायल को पहले जयपुरिया अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल की हालत गंभीर होने पर उसे एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। जहां युवक की मौत हो गई। युवक की पत्नी और तीन बच्चे श्योपुर में ही रहते है।
मारपीट में बलवीर गंभीर रूप से घायल
युवक के साथी मध्य प्रदेश निवासी मजदूर झार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पहले केशव नाम के मजदूर से मारपीट की थी। देखते ही देखते पांच से छह लोग हाथ में डंडे सरिया लेकर पहुंचे थे। केशव से मारपीट करने के बाद में बालवीर और अन्य लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़े में बलवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने करीब पांच लोगों के साथ मारपीट की। इसके बाद एक आरोपी को राहगीरों सहित वहां मौजूद मजदूरों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपियों से पूछताछ जारी
मानसरोवर थाना सीओ हेमेंद्र ने बताया कि एमपी के रहने वाले युवक बलवीर की हत्या हुई है। हत्या का कारण सामने नहीं आया है। युवक का भाई रामवीर नंदपुरी, सोडाला में रहता है। मृतक के भाई ने थाने में केस दर्ज कराया है। चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैं।











