एमपी में ट्रक से भिड़ी मजदूरों से भरी पिकअप: 8 की मौत और 23 घायल, ग्वालियर से धान की रोपाई कर लौट रहे थे यूपी

23 घंटे पहले
8 की मौत और 23 घायल, ग्वालियर से धान की रोपाई कर लौट रहे थे यूपी

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक भीषण सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, 23 लोग घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-719 पर गोहद के छीमका गांव के पास हुआ। ग्वालियर से धान की रोपाई का काम पूरा कर उत्तर प्रदेश लौट रही मजदूरों से भरी पिकअप सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में ट्रक चालक भी घायल हुआ है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घायल मजदूर के अनुसार, पिकअप में कुल 29 मजदूर सवार थे। सभी अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। ये मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम करने गए थे। काम पूरा होने के बाद सभी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद शुरुआती तौर पर चार लोगों की मौत और 25 के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। पांच शव गोहद और तीन शव ग्वालियर में रखे गए हैं। पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी है।

सड़क पर बैठी थीं गायें

गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव के अनुसार, पिकअप की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा होने का अनुमान है। छीमका गांव के पास हाईवे पर कुछ गायें सड़क पर बैठी थीं। अचानक सामने आए मवेशियों को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार मजदूरों को गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त पिकअप से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

रात में मवेशियों से बढ़ रहा हादसे का खतरा

प्रारंभिक जांच में सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक मवेशियों के आ जाने से दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भिंड सड़क हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाने और परिजनों को सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।